सडक हादसे में सेवानिवृत्त शिक्षक की मौत
शिराला के पास हुई घटना

अमरावती /दि.13 – घाटलाडकी के शिवराय विद्यालय के सेवानिवृत्ति शिक्षक पुरुषोत्तमराव टिक्कस (65) की गुरुवार को दोपहर में अमरावती आते समय शिराला-पुसदा गांव के दौरान सडक दुर्घटना में मृत्यु हो गई.
जानकारी के मुताबिक पुरुषोत्तम टिक्कस अपने साथी सूरज धोटे (65) के साथ मोटर साइकिल पर सवार होकर अमरावती की तरफ आ रहे थे. बीच रास्ते में उनकी दुपहिया को किसी अज्ञान वाहन ने टक्कर मार दी. दुर्घटना में टिक्कस और उनका साथी सूरज धोटे गंभीर रुप से घायल हो गये. उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में लाया गया. लेकिन बीच रास्ते में ही पुरुषोत्तम टिक्कस ने दम तोड दिया. बताया जाता है कि, जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय पुरुषोत्तम टिक्कस हेल्मेट पहनकर वाहन चला रहे थे.





