पुलिस पाटिलों की सेवानिवृत्ति आयु को बढाया जाए

महिला पुलिस पाटिलों को व्यवसाय कर से दी जाए छूट

* पुलिस पाटिल संघ ने सीपी व एसपी को सौंपा ज्ञापन
अमरावती/दि.16 – पुलिस पाटिल संघ (महाराष्ट्र राज्य) द्वारा आज अमरावती शहर के पुलिस आयुक्त राकेश ओला तथा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद को ज्ञापन सौंपते हुए पुलिस पाटिलों की सेवानिवृत्ति की आयु को 60 वर्ष से बढाकर 65 वर्ष करने तथा महिला पुलिस पाटिलों को व्यवसाय कर से छूट दिए जाने की मांग उठाई गई.
इस संदर्भ में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि, ग्रामीण क्षेत्र में कानून व व्यवस्था की स्थिति को अबाधित रखने के साथ ही जनता एवं पुलिस प्रशासन के बीच संवाद सेतू की भूमिका पुलिस पाटिल द्वारा निभाई जाती है और पुलिस पाटिलों द्वारा अपना पूरा जीवन समाज सेवा व समाज हित में समर्पित किया जाता है. ऐसे में महाराष्ट्र सरकार ने जिस तरह से मानधन पर काम करनेवाले कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति की आयु को 60 वर्ष से बढाकर 65 वर्ष किया है. ठीक उसी तर्ज पर मानधन पर काम करनेवाले पुलिस पाटिलों की सेवानिवृत्ति आयु को भी बढाया जाए.
इसके साथ ही शहर पुलिस आयुक्त के नाम सौंपे गए ज्ञापन में पुलिस पाटिल संघ द्वारा विगत 19 जनवरी को राज्य के वित्त मंत्रालय तथा लेखा व कोषागार संचालनालय की ओर से जारी परिपत्रक का हवाला देते हुए बताया गया कि, सभी महिला पुलिस पाटिलों को व्यवसाय कर में छूट दी जानी चाहिए. लेकिन इसके बावजूद भी अप्रैल 2024 से महिला पुलिस पाटिलों के वेतन से प्रति माह 200 रुपए की कटौती की जा रही है, जिसे त्वरीत रोका जाना चाहिए.
ज्ञापन सौंपते समय पुलिस पाटिल संघ के अध्यक्ष राहुल सावरकर सहित प्रवीण तेलखडे, विजय इंगले, स्वाती कडू, सचिन सवाई आदि के साथ ही अनेकों पुलिस पाटिल उपस्थित थे.

Back to top button