दर्यापुर-अंजनगांव में हो सडकों एवं क्रीडा सुविधाओं का विस्तार
बजट सत्र को लेकर विधायक गजानन लवटे ने व्यक्त की अपेक्षा

* अंजनगांव में पुलिस स्टेशन की नई इमारत व पुलिस वसाहत बनाने की मांग उठाई
* महाराष्ट्र विधान मंडल बजट सत्र-2026
अमरावती /दि.25 – जिले के दर्यापुर निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत दर्यापुर एवं अंजनगांव सुर्जी तहसीलों के ग्रामीण क्षेत्रों में विगत 10-15 वर्षों से सडकों की देखभाल व दुरुस्ती का काम नहीं हुआ है. जिसके चलते इन दोनों तहसीलों के अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों की सडके बदहाल व जर्जर हो चुकी है. इस बात के मद्देनजर राज्य विधान मंडल के आगामी बजट में दर्यापुर निर्वाचन क्षेत्र में नई सडकों के निर्माण व पुरानी सडकों की देखभाल व दुरुस्ती जैसे कामों के लिए निधि मिलने की अपेक्षा व्यक्त की गई है, इस आशय की जानकारी दर्यापुर निर्वाचन क्षेत्र के विधायक गजानन लवटे द्वारा दी गई है.
दैनिक ‘अमरावती मंडल’ के साथ राज्य विधान मंडल के बजट सत्र को लेकर विशेष तौर पर बातचीत करते हुए विधायक गजानन लवटे ने कहा कि, उन्होंने विशेष रुप से कोकर्डा से उमरी, वडाल गव्हाण होते हुए हयापुर, टाकरखेडा से कापूसतलनी, कसबे गव्हाण व साखरी होते हुए खल्लार तथा धनेगांव से वडनेर भुजंग, काकडा व रासेगांव होते हुए अमरावती की ओर जानेवाली सडक के लिए निधि दिए जाने की मांग की थी. जिसमें से केवल पहली सडक के निर्माण हेतु केंद्रीय भुतल परिवहन मंत्री गडकरी की ओर से निधि मिली है. वहीं अन्य दोनों सडकों का मामला फिलहाल अधर में लटका हुआ है. इसके साथ ही दर्यापुर, अंजनगांव व अचलपुर इन तीन तहसील क्षेत्रों के 27 गांवों के बीच कनेक्टीविटी को बढाने हेतु सडक नेटवर्क को मजबूत किए जाने की सख्त जरुरत है. जिसके लिए वे लगातार प्रयासरत है.
इसके साथ ही विधायक गजानन लवटे ने यह भी कहा कि, उन्होंने क्षेत्र में खेलकूद की तमाम अत्याधुनिक सुविधाओं से लैंस रहनेवाले क्रीडा संकूल के निर्माण का मुद्दा भी उठाया है. साथ ही साथ अंजनगांव सुर्जी में पुलिस स्टेशन की ब्रिटिशकालिन इमारत के काफी पुरानी व जर्जर हो जाने की बात को सामने रखते हुए अकोट रोड पर पुलिस स्टेशन की नई इमारत व पुलिस वसाहत बनाने हेतु जगह आवंटित किए जाने की मांग भी उठाई है. साथ ही साथ दोनों तहसीलों में स्वास्थ्य सेवाओं को भी चुस्त-दुरुस्त किए जाने का मुद्दा उठाया.





