आरटीई की हर सीट के लिए 3 से 4 दावेदार

दूरी में बदलाव के बाद बढे ढाई हजार आवेदन

अमरावती/दि.2– आरटीई अंतर्गत 25 फीसद आरक्षित सीटों पर आगामी शैक्षणिक सत्र हेतु चलाई जा रही प्रवेश प्रक्रिया को अभिभावकों की ओर से बडे पैमाने पर प्रतिसाद मिल रहा है. आवेदन भरने दी गई समयावृद्धि तथा घर से शाला की दूरी से संबंधित नियमों में किए गए बदलाव के चलते इस बार आवेदन संख्या में उल्लेखनीय बढत दिखाई दे रही है तथा जिले में आरटीई की 2 हजार 626 सीटों के लिए करीब 7 हजार 839 आवेदन प्राप्त हुए है. जिसके चलते कहा जा सकता है कि, आरटीई के तहत 1-1 सीट के लिए 3 से 4 विद्यार्थियों की दावेदारी है. जिसके चलते आरटीई की प्रवेश प्रक्रिया में अच्छी-खासी प्रतिस्पर्धा देखी जा रही है.
जिले की 227 शालाओं में 25 फीसद आरटीई प्रवेश प्रक्रिया के तहत 30 मार्च तक 7 हजार 839 आवेदन प्राप्त हुए घर से शाला के दूरी के मानक में शिथिलता दिए जाने के बाद लगभग 2 हजार 500 आवेदन बढने की जानकारी शिक्षा विभाग द्वारा दी गई. आवेदन प्रक्रिया के दौरान ‘कन्फर्म’ व ‘अनकन्फर्म’ आवेदनों को लेकर अभिभावकों में कुछ हद तक संभ्रम निर्माण हुआ था और कई अभिभावकों द्वारा आवेदन भरने के बाद आवश्यक दस्तावेजों की पूर्तता तय समय के भीतर नहीं किए जाने के चलते उनके आवेदन प्रलंबित रहने की बात भी सामने आई थी.
यहां यह विशेष उल्लेखनीय है कि, इस बार आरटीई की प्रवेश प्रक्रिया के तहत शाला की दूरी से संबंधित नियम में एक महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है और घर से शाला की दूरी को एक किमी से बढाकर तीन किमी कर दिया गया है. जिसके चलते अब अभिभावकों द्वारा अपने पाल्यों के लिए अपनी मनपसंद शालाओं में आवेदन करने की सुविधा उपलब्ध हुई. जिसके बाद करीब 2 हजार 500 आवेदन बढ गए.

* जारी माह में निकलेगी लॉटरी
जिले की 227 शालाओं में आरटीई के तहत आरक्षित 2626 सीटों के लिए विगत 31 मार्च तक 7839 आवेदन प्राप्त हुए है. जिसके बाद अब आरटीई की प्रवेश प्रक्रिया हेतु जारी अप्रैल माह के दौरान ऑनलाइन लॉटरी निकाली जाएगी. जिसके बाद प्रवेश प्रक्रिया को शुरु किया जाएगा.

* जिले में आरटीई प्रवेश की स्थिति
कुल शालाएं – 227
कुल सीटें – 2626
प्राप्त आवेदन – 7839

Back to top button