यवतमाल में बच्चा चोरी की अफवाह से हड़कंप

बच्चों के अपहरण की आशंका निकली गलत, आर्थिक विवाद का मामला सामने

यवतमाल /दि.19- यवतमाल जिले के घाटंजी तहसील अंतर्गत कामठवाडा गांव में रविवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां बच्चों के अपहरण की अफवाह के चलते ग्रामीणों ने दो लोगों की पिटाई कर दी. हालांकि, बाद की पुलिस जांच में मामला अपहरण का नहीं बल्कि आर्थिक विवाद का निकला.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कामठवाडा गांव के पास ग्रामीणों को एक संदिग्ध कार दिखाई दी, जिसमें कुछ लोग एक व्यक्ति को कपड़े से ढककर ले जा रहे थे. ग्रामीणों को संदेह हुआ कि यह बच्चों को उठाने वाला गिरोह है. जब ग्रामीण पास पहुंचे तो कार चालक तेज रफ्तार से भाग निकला, जिससे संदेह और गहरा गया. इसके बाद आसपास के गांवों में सूचना फैलते ही ग्रामीणों ने कार का पीछा शुरू कर दिया. पीछा करते समय वाहन के टायर फटने के बावजूद चालक कार को आगे बढ़ाता रहा. अंततः पांढुर्णा खुर्द के पास कार पलट गई. मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कार में सवार लोगों को पकड़कर उनकी पिटाई कर दी और वाहन में तोड़फोड़ भी की.
बाद में पूछताछ के दौरान सामने आया कि यह मामला बच्चों के अपहरण का नहीं, बल्कि आर्थिक लेन-देन से जुड़े विवाद का था. आरोपियों ने उत्तर प्रदेश निवासी एक व्यक्ति को जबरन वाहन में बैठाकर लाया था.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. देर रात तक इस मामले में प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया जारी रही. इस घटना ने एक बार फिर यह स्पष्ट किया है कि अफवाहों के आधार पर कानून हाथ में लेना खतरनाक साबित हो सकता है. प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें और स्वयं कार्रवाई करने से बचें.

Back to top button