रुपाली चाकणकर हर 15 दिन में जाती थी नाशिक, खरात के संपर्क में थी

भोंदू बाबा मामले में रुपाली पाटील ठोंबरे का चाकणकर पर तीखा हमला

मुंबई/नाशिक/दि.21 – स्वयंघोषित ज्योतिषी अशोक खरात प्रकरण को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में घमासान तेज हो गया है. इस बीच राष्ट्रवादी (अजित पवार गुट) की नेता रुपाली पाटील ठोंबरे ने राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्षा रुपाली चाकणकर पर तीखा हमला बोला है. रुपाली पाटिल ठोंबरे ने एक टीवी इंटरव्यू में दावा किया कि रुपाली चाकणकर कथित रूप से हर 15 दिन में नाशिक जाती थीं और अशोक खरात के संपर्क में थीं. उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को निजी जीवन जीने की स्वतंत्रता है, लेकिन जब कोई संवैधानिक पद पर होता है तो उसे जिम्मेदारी और मर्यादा का विशेष ध्यान रखना चाहिए.
रुपाली पाटिल ठोंबरे ने चाकणकर के आचरण पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे गंभीर आरोपों के बावजूद जिस तरह से प्रतिक्रिया दी गई, वह उचित नहीं है. ठोंबरे ने यह भी कहा कि महिला आयोग जैसे महत्वपूर्ण पद पर रहते हुए इस तरह के विवादों में घिरना राज्य के लिए चिंताजनक है.
गौरतलब है कि अशोक खरात पर महिलाओं के शोषण के गंभीर आरोप लगे हैं और इस मामले में जांच जारी है. इसी विवाद के चलते रुपाली चाकणकर को राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देना पड़ा था. इस पूरे घटनाक्रम के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में यह मुद्दा और अधिक गरमाने की संभावना है.

Back to top button