दर्यापुर मार्ग पर रेत माफिया का तांडव
सड़क पर ही लिखे गए राजस्व अधिकारियों पर गंभीर आरोप

* प्रशासन में हड़कंप
दर्यापुर/दि.20 – जिले में अवैध रेत तस्करी ने अब सभी सीमाएं पार कर दी हैं. गुस्साए नागरिकों ने इस बार विरोध का अनोखा तरीका अपनाते हुए सीधे सड़क पर ही राजस्व प्रशासन की पोल खोल दी. अमरावती-दर्यापुर-भातकुली मार्ग पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा डामर सड़क पर सफेद रंग से बड़े अक्षरों में लिखकर सनसनीखेज आरोप लगाए गए हैं, जिससे पूरे जिले में हड़कंप मच गया है.
* गुढी पाडवा के दिन ही आरोप
भर सड़क पर ‘पोल खोल’ हमेशा व्यस्त रहने वाले इस मार्ग पर सुबह जब राहगीरों की नजर पड़ी तो वे चौंक गए. सड़क पर साफ तौर पर लिखा गया था कि रेत माफिया में ‘एसडीओ’ और ‘तहसीलदार’ ही असली ठेकेदार हैं. इतना ही नहीं, टाकली, इचोरा और भुजवाला क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन जारी होने का भी खुला उल्लेख किया गया है.इन लिखित आरोपों ने राजस्व विभाग के उच्च पदस्थ अधिकारियों पर सीधे भ्रष्टाचार और माफिया से मिलीभगत के गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
* प्रशासन और पुलिस पर सवाल
टाकली, इचोरा और भुजवाला इलाके से रोजाना सैकड़ों ब्रास रेत की अवैध ढुलाई हो रही है, इसके बावजूद स्थानीय प्रशासन और पुलिस की चुप्पी पर अब सवाल उठने लगे हैं. बार-बार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होने से नाराज नागरिकों ने यह कदम उठाया है या फिर माफियाओं के आपसी विवाद का यह परिणाम है-इसको लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.
* अब क्या होगी कार्रवाई?
सार्वजनिक सड़क पर इस तरह अधिकारियों के नाम लिखकर विरोध जताने से राजस्व विभाग की भारी किरकिरी हुई है. अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाता है. क्या अवैध उत्खनन पर लगाम लगेगी?क्या आरोपित अधिकारियों की जांच होगी?इन सवालों पर पूरे जिले की नजर टिकी हुई है.फिलहाल, इस घटना से प्रशासनिक महकमे में खलबली मची हुई है, और सड़क पर लिखे गए इन शब्दों को अभी तक हटाया नहीं गया है, जिससे लोगों में आक्रोश और चर्चा दोनों जारी हैं.





