रेत माफिया का आतंक, राजस्व अधिकारी को कुचलने का प्रयास
सिने स्टाइल में पीछा कर दो को दबोचा

भंडारा /दि.6- रेत की अवैध ढुलाई पर कार्रवाई करते समय टिप्पर चालक ने राजस्व विभाग के मंडल अधिकारी के वाहन को टक्कर मारकर उन्हें कुचलने का प्रयास किया, ऐसी चौंकाने वाली घटना पवनी तालुका के पहेला-बोरगांव मार्ग पर घटी. इस मामले में अड्याळ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए टिप्पर मालिक और चालक को गिरफ्तार किया है.
* कार से टिप्पर का पीछा
पवनी तालुका के पहेला के मंडल अधिकारी पृथ्वीराज अहिर अपने राजस्व सेवक के साथ गोलेवाड़ी में शासकीय काम के लिए जा रहे थे, तभी उन्हें एक टिप्पर से रेत की अवैध ढुलाई होते हुए दिखाई दी. उन्होंने तुरंत टिप्पर को रोककर कार्रवाई शुरू की. उसी समय टिप्पर का मालिक दोपहिया वाहन से घटनास्थल पर आया और अधिकारी से विवाद करते हुए टिप्पर लेकर भाग गया. इसके बाद मंडल अधिकारी अहिर ने अपनी अल्टो कार से टिप्पर का पीछा शुरू किया. पीछा करने के दौरान चालक ने रास्ते में जगह-जगह रेत गिराकर बाधाएं उत्पन्न कीं. साथ ही जब उसे पता चला कि राजस्व अधिकारी पीछा कर रहे हैं, तो टिप्पर से उनकी कार को जोरदार टक्कर मारी.
* मामला दर्ज, दो गिरफ्तार
हालांकि, सूझबूझ दिखाते हुए मंडल अधिकारी अहिर ने साहसपूर्वक टिप्पर को रोका और घटना की जानकारी अड्याळ पुलिस को दी. पुलिस मौके पर पहुंचकर टिप्पर को जब्त कर लिया. इस मामले में टिप्पर मालिक शुभम जिभकाटे (उम्र 27) और चालक अनंता सावरबांधे (उम्र 20) के खिलाफ ओवरलोड रेत ढुलाई, शासकीय कार्य में बाधा तथा शासकीय अधिकारी के जीवन को खतरे में डालने के आरोप में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है.





