कांग्रेस से संजय शिरभाते और लुबना तनवीर मैदान में
भरा महापौर और उप महापौर का नामांकन

* आज शाम तक है डेडलाइन
* 6 को होना है इलेक्शन
अमरावती/ दि. 2- महापौर तथा उप महापौर के प्रतिष्ठापूर्ण हो चले चुनाव में आज नामांकन की डेडलाइन शाम सवा 6 बजे पूर्ण हो रही है. ऐसे में विविध दलों की रणनीति फाइनल होकर उम्मीदवार उक्त दोनों पदों हेतु परचा दाखिल कर रहे हैं. नये घटनाक्रम में कांग्रेस की ओर से प्रॉ. डॉ. संजय शिरभाते ने महापौर तथा लुबना तनवीर मुन्ना नवाब ने उप महापौर पद का पर्चा नगर सचिव वडुरकर के पास प्रस्तुत किया. इस समय मनोज भेले और सुरेश रतावा तथा अन्य मौजूद थे.
बता दें कि दोनों ही पदों के वास्ते पिछले सप्ताह बसपा, शिवसेना, एमआईएम और बीजेपी के नगरसेवकों ने फार्म उठाए थे. आज नामांकन के समय सभी इच्छुकों द्बारा फार्म भरे जाने की संभावना देखी जा रही है. प्रा. डॉ. संजय शिरभाते और लुबना तनवीर के नामांकनों से स्पष्ट हो गया कि 87 सदस्यीय मनपा सदन में उपरोक्त दोनों पोस्ट के लिए चुनाव की बारी आयेगी. शाम तक और कौन से नगरसेवक नाम देते हैं. यह देखनेवालीबात होगी.
उल्लेखनीय है कि महापौर और उप महापौर का चुनाव नये मनपा सदन की पहली बैठक में शुक्रवार 6 फरवरी को होने जा रहा है. पहली आमसभा की अध्यक्षता विभागीय आयुक्त डॉ. श्वेता सिंघल के आदेशानुसार जिलाधीश आशीष येरेकर करेंगे. महापौर के चुनाव पश्चात आगे की कार्यवाही नये महापौर को सौंपी जायेगी. यह भी स्मरण करा दे कि पांच वर्ष की अवधि के मनपा सदन में महापौर, उप महापौर का कार्यकाल ढाई- ढाई वर्ष होता है. उसी प्रकार सदन में महापौर का चुनाव सदस्यों को हाथ उठाकर करना होता है.





