संजीता महापात्र हो सकती हैं अमरावती मनपा की प्रभारी आयुक्त
फिलहाल अमरावती जिप की सीईओ हैं संजीता महापात्र

* निगमायुक्त सौम्या शर्मा-चांडक जा रही हैं ‘मैटर्निटी लीव’ पर
* विधान मंडल बजट सत्र के अंतिम दिन 26 मार्च को हो सकता है फेरबदल
अमरावती/दि.13 – अमरावती महानगर पालिका की आयुक्त सौम्या शर्मा-चांडक आगामी कुछ दिनों में प्रसूति हेतु ‘मैटर्निटी लीव’ पर जानेवाली है. ऐसे में उनके स्थान पर जिला परिषद की मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजीता महापात्र को अमरावती महानगर पालिका में प्रभारी आयुक्त नियुक्त किया जा सकता है, ऐसी जानकारी विश्वसनीय सूत्रों के जरिए प्राप्त हुई है. साथ ही यह भी पता चला है कि, फिलहाल मुंबई में चल रहे राज्य विधान मंडल के जारी बजट सत्र की समाप्ति यानि 26 मार्च के आसपास अमरावती मनपा में आयुक्त पद पर नियुक्ति को लेकर फेरबदल दिखाई दे सकता है.
बता दें कि, इस समय जहां एक ओर मुंबई में राज्य विधान मंडल का बजट सत्र चल रहा है, वहीं आगामी 17 मार्च को अमरावती महानगर पालिका की आमसभा भी आयोजित है. ऐसे में आमसभा के निपट जाने और विधान मंडल के बजट सत्र की समाप्ति होने तक अमरावती महानगर पालिका में यथास्थिति को कायम रखा जाएगा. वहीं इसके उपरांत मातृत्व अवकाश पर जा रही आयुक्त सौम्या शर्मा के स्थान पर अमरावती जिप की सीईओ संजीता महापात्र को अमरावती मनपा की आयुक्त के तौर पर प्रभार सौंपा जा सकता है.





