संतोष बन की हत्या सीसीटीवी कैमरे में कैद

8 हमलावर युवकों ने दिया घटना को अंजाम

* तीन नाबालिग समेत 7 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
* पुरानी रंजिश के चलते की गई हत्या
* गाडगे नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मी नगर की घटना
अमरावती/दि.13 – शनिवार 11 अप्रैल की देर रात गाडगे नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मी नगर परिसर में एक 22 वर्षीय युवक की 8 युवकों ने मिलकर पुरानी रंजिश के चलते चाकू से हमला कर निर्मम हत्या कर दी. यह पूरा हत्याकांड परिसर में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद पुलिस ने तीन नाबालिग समेत 7 युवकों को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि एक अन्य फरार बताया जाता है. मृतक युवक का नाम कपिलवस्तु नगर निवासी संतोष राजू बन है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम साहिल रामदीन मावस्कर, प्रतिक चव्हाण, साहिल माहोरे व तीन अन्य है. जबकि एक नाबालिग फरार बताया जाता है.
जानकारी के मुताबिक यह घटना शनिवार 11 अप्रैल की देर रात डेढ बजे के दौरान लक्ष्मी नगर के आटा चक्की के पास घटित हुई. संतोष बन वहां से गुजर रहा था, तब तीन नाबालिग समेत साहिल मावस्कर ने उसे घेर लिया. पुरानी दुश्मनी के चलते उस पर तीष्ण हथियार से हमला कर उसे गंभीर रुप से घायल कर दिया. रात के समय मार्ग पर सन्नाटा रहने से वह काफी समय तक जख्मी अवस्था में वहीं पडा रहा. पश्चात उसके कुछ दोस्तों ने वहां पहुंचकर उसे जिला अस्पताल में भर्ती किया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया. घटना की जानकारी मिलते ही गाडगे नगर पुलिस का दल घटनास्थल आ पहुंचा. पुलिस उपायुक्त गणेश शिंदे ने भी घटनास्थल भेंट दी. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरु की. साथ ही परिसर के सीसीटीवी फूटेज खंगालना शुरु किये. तब पुलिस को एक सीसीटीवी कैमरे में मृतक संतोष राजू बन पर 8 युवक हमला करते दिखाई दिये. इस फूटेज के आधार पर पुलिस ने सर्वप्रथम आरोपी साहिल मावस्कर और दो नाबालिगों को कब्जे में ले लिया. पश्चात साहिल संतोष माहोरे (18), प्रतिक चव्हाण (18) और दो अन्य नाबालिगों को दबोच लिया. एक नाबालिग फरार बताया जाता है. बताया जाता है कि, एक वर्ष पूर्व मृतक ने आरोपी को गंभीर रुप से घायल कर दिया था. उसी का बदला लेने के लिए घटना को अंजाम दिया गया. मामले की जांच पुलिस आगे कर रही है. यह पूरी कार्रवाई गाडगे नगर के डीबी स्क्वॉड ने की.
* इस वर्ष तीन माह में 12 हत्या
अमरावती शहर में 1 जनवरी से 11 अप्रैल तक शहर में कुल 12 हत्याकांड घटित हुए है. यह हत्याएं पुरानी दुश्मनी के चलते और वर्चस्व की लडाई में घटित हुई है. शहर में बढती अपराधिक घटनाओं के चलते नागरिकों में दहशत निर्माण हो गई है. अधिकांश हत्याकांड में नाबालिगों का समावेश रहने से चिंता का माहौल बना हुआ है. पुलिस ऐसे गैंगवार समाप्त करने के लिए प्रयासरत है.
* दौडा-दौडाकर मारा संतोष को
मृतक संतोष बन को आरोपियों ने दौडा-दौडाकर बेरहमी से मारा. हमला होने के बाद वह अपनी जान बचाने के लिए भाग रहा था. लेकिन आरोपियों ने उसका पीछा नहीं छोडा. हमलावर युवकों के गिरोह को देख संतोष कॉटन मार्केट रोड की दीवार से सटकर स्थित मार्ग से भागा, लेकिन उसे नीलेश पुसदकर के घर के पास पकड लिया. तब साहिल नामक युवक ने उस पर चाकू से वार किया. फिर भी संतोष वहां से जान बचाता भागा. हमलावरों ने उसका पीछा कर शंकर कोहले के घर के पास घेर लिया. वहां पर उस सपासप वार कर गंभीर रुप से घायल कर दिया. पश्चात आरोपी वहां से भाग गये.
* दोस्तों के साथ बातचीत करते बैठा था मृतक
संतोष का चचेरा भाई पवन बन यह लक्ष्मीनगर के एक मकान में रंगरोगन करने का काम कर रहा था. रविवार मध्य रात्रि को संतोष भी लक्ष्मीनगर के शिवजी की मूर्ति के पास अपने दोस्तों के साथ बातचीत करता हुआ बैठा था, उसी समय दो दुपहिया पर आये युवकों ने उसके साथ गालीगलौज करनी शुरु कर दी और उस पर हमला कर दिया.

Back to top button