अमरावती को ड्रग्ज से बचाएं
बलवंत वानखडे की संसद में मांग

* समूल नष्ट करना आवश्यक, तरुण पीढी खतरे में
अमरावती/दि.27 – जिले के सांसद बलवंत वानखडे ने अमरावती शहर और जिले में हो रहे खतरनाक नशीले पदार्थ मेफेड्रान के भयंकर गोरखधंधे का विषय आज लोकसभा में उपस्थित कर देश और राज्य के गृह महकमे से ड्रग्ज तस्करों को समूल नष्ट करने की मांग पुरजोर अंदाज में की. सदन में अवसर मिलते ही मराठी में बलवंत वानखडे ने अपनी बात रखी और अपने जिले के युवाओं को ड्रग्ज के शिकंजे से बचाने की मांग की.
* तीन बडे छापे, बन रहा अड्डा
लोकसभा सदस्य वानखडे ने सदन को बताया कि, सांस्कृतिक नगरी के रुप में विख्यात अमरावती शहर में हाल ही में ड्रग्ज विरोधी तीन बडे छापे मारे गये. करोडों रुपए की नशीले पदार्थ खासकर एमडी जब्त की गई. कभी कहा गया कि, एमडी के इन तस्करों का कनेक्शन राजस्थान से है, तो कभी अहमदाबाद से बताया गया. सांसद वानखडे ने कहा कि, ड्रग्ज के आका को खोजना चाहिए. इसके लिए उचित और कडे कदम उठाने की आवश्यकता उन्होंने सदन में बोलकर बतायी.
* युवा पीढी को बचाना जरुरी
सांसद वानखडे ने युवा पीढी को नशे की गर्त में जाने से बचाना बेहद जरुरी बताया. उन्होंने कहा कि, यह नशीले पदार्थ कहां से लाये जा रहे हैं. उनका कौन मुखिया है. इसकी गहन जांच होनी चाहिए. अमरावती में जिस प्रकार बडी मात्रा में एमडी ड्रग्ज जब्त की गई. आरोपी धरे गये. उससे आशंका बलवती हुई कि, अमरावती को ड्रग्ज सप्लाय का अड्डा तो नहीं बनाया जा रहा. युवा पीढी को बचाना आवश्यक है. ड्रग्ज तस्करों पर कडे कदम उठाकर सप्लायर्स का समूल उच्चाटन जरुरी बताया.





