मेलघाट में जल सप्लाई योजनाओं में करोड़ों का घोटाला?

काम किए बिना बिल निकालने का आरोप, जांच न हुई तो आंदोलन की चेतावनी

कोहना (चिखलदरा)/ दि.12- अमरावती जिले के मेलघाट क्षेत्र में जलापूर्ति योजनाओं में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार होने का आरोप सामने आया हैं. युवक कांग्रेस ने दावा किया है कि जल की किल्लत के नाम पर मोटरपंप लगाने, बोरवेल खोदने, कुओं और पाइपलाइन की मरम्मत जैसे कार्य कागजों में दिखाकर करोड़ों रुपये के बिल निकाले गए हैं, जबकि कई स्थानों पर वास्तविक काम हुआ ही नहीं.
युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राहुल येवले ने कहा कि मेलघाट के कई गांवों में जलापूर्ति योजनाएं पूरी तरह से विफल हो चुकी हैं. कई जगहों पर पानी की टंकियां बंद पड़ी हैं और गांवों तक नियमित पानी नहीं पहुंच रहा है. इसके बावजूद योजनाओं के नाम पर बिल निकालने का काम जारी है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की जल जीवन मिशन योजना भी कई स्थानों पर केवल कागजों तक सीमित है और इस योजना में भी बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है.
युवक कांग्रेस ने मांग की है कि मेलघाट क्षेत्र में जलापूर्ति से जुड़ी सभी योजनाओं की व्यापक जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों व ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि जल की किल्लत झेल रहे गांवों को न्याय मिल सके. राहुल येवले ने चेतावनी दी कि युवक कांग्रेस के पास इस मामले से जुड़े कई सबूत हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा. यदि प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई नहीं की तो युवक कांग्रेस की ओर से तीव्र आंदोलन किया जाएगा.
* युवक कांग्रेस के प्रमुख आरोप
युवक कांग्रेस ने जल किल्लत के नाम पर करोड़ों रुपये के बिल, मोटरपंप, बोरवेल व पाइपलाइन मरम्मत के काम अधूरे, कई गांवों में पानी की टंकियां बंद, जल जीवन मिशन योजना कागजों तक सीमित रहने का आरोप करते हुए संपूर्ण प्रकरण की जांच करने की मांग की है. जांच न होने पर आंदोलन करने की चेतावनी राहुल येवले ने दी है.

Back to top button