गर्लफ्रेंड को दूसरे से बात करते देखा, गुस्से में हत्या

नाशिक जंगल में फेंका शव, बुलढाणा का युवक गिरफ्तार

नाशिक/दि.21 – जिले के वाडीवर्‍हे क्षेत्र के जंगल में मिली युवती की हत्या का पुलिस ने कुछ ही घंटों में पर्दाफाश कर दिया. जांच में सामने आया कि हत्या प्रेम संबंधों में शक के चलते की गई थी. आरोपी और मृतका दोनों बुलढाणा जिले के रहने वाले हैं.
जानकारी के मुताबिक वाडीवर्‍हे पुलिस थाना क्षेत्र के सारूल जंगल में शुक्रवार को एक युवती का खून से लथपथ शव मिला. उसके गले में चाकू धंसा हुआ था और आसपास खून फैला हुआ था. कोई स्पष्ट सुराग न होने के बावजूद पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की. मौके से पुलिस को एक चाबी और उससे जुड़ा की-चेन मिला, जिस पर संस्कृति नाम लिखा था. इसी आधार पर गुमशुदगी की जानकारी खंगाली गई और युवती की पहचान बुलढाणा निवासी संस्कृति सतीश काले के रूप में हुई. जांच में देशमुख परिवार के युवक अथर्व देशमुख पर शक गया. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने हत्या कबूल कर ली.
आरोपी के अनुसार उसका युवती से प्रेम संबंध था, लेकिन उसे किसी अन्य युवक से बात करते देख वह भड़क गया. उसने बहाने से युवती को कार में बैठाया, रास्ते में विवाद हुआ और उसने चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद आरोपी घबरा गया और सबूत मिटाने के लिए शव को नाशिक लाकर जंगल में फेंक दिया. पुलिस निरीक्षक भगवान मथुरे और उनकी टीम ने तकनीकी व स्थानीय जांच के आधार पर कुछ ही घंटों में आरोपी को पकड़ लिया. घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में खलबली मच गई है. प्रेम संबंधों से जुड़े अपराध की इस वारदात ने युवाओं में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Back to top button