अज्ञात युवक का जला हुआ शव मिलने से सनसनी

वरुड थाना क्षेत्र की घटना, जांच जारी

अमरावती /दि.30 – जिले के वरुड पुलिस थाना क्षेत्र में रविवार 29 मार्च 2026 को एक अज्ञात युवक का आधा जला हुआ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. इस मामले में पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार खैरगांव निवासी सुनील शंकरराव ढोमणे (उम्र 36 वर्ष), तहसील नरखेड जिला नागपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि रविवार सुबह लगभग 8 बजे उनके भतीजे ने बताया कि खेत के पास नाले के किनारे एक जला हुआ शव पड़ा है. मौके पर पहुंचकर देखा गया तो करीब 30 वर्ष के युवक का शव अधजली अवस्था में पड़ा था. मृतक के शरीर के सभी कपड़े जले हुए थे, सिर के बाल भी जल चुके थे और दाहिने हाथ की उंगली में धातु की अंगूठी मिली है. शव के पैर में जूते भी मिले हैं. पुलिस को आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने युवक की हत्या कर सबूत मिटाने के लिए शव को जलाने की कोशिश की है.
वरुड पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 238 के तहत मामला दर्ज किया गया है. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया है. मृतक की पहचान करने और आरोपियों की तलाश के लिए स्थानीय अपराध शाखा के 3 तथा वरुड पुलिस स्टेशन के 2 विशेष पथक बनाए गए हैं और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

Back to top button