ईगतपुरी के सरकारी छात्रावास में सनसनीखेज घटना

कक्षा 10 वीं के छात्रों ने कक्षा 5 वीं से 8 वीं के छात्रों पर किया अनैसर्गिक अत्याचार

* छात्रावास के निकट रेलवे कॉटेज के पास झाडियों में ले जाते थे बच्चों को
* रैगिंग के नाम पर चल रहा था मामला, छात्रावास अधीक्षक सहित 7 नाबालिग नामजद
नाशिक/दि.5- नाशिक जिले के ईगतपुरी तहसील अंतर्गत समाज कल्याण विभाग के एक छात्रावास में बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है. यहां दसवीं कक्षा के कुछ छात्रों द्वारा पांचवीं से आठवीं कक्षा के नाबालिग विद्यार्थियों के साथ रैगिंग के नाम पर गंभीर दुर्व्यवहार किए जाने की घटना उजागर हुई है. मामले की जानकारी मिलने के बाद नाशिक ग्रामीण पुलिस के अंतर्गत आनेवाले ईगतपुरी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की गई है. पुलिस ने इस प्रकरण में छात्रावास अधीक्षक सहित कक्षा दसवीं के 7 नाबालिग छात्रोेंं के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है. इस घटना से क्षेत्र में काफी चिंता और आक्रोश का माहौल है.
जानकारी के अनुसार यह छात्रावास समाज कल्याण विभाग के अधीन संचालित है, जहां दूर-दराज के ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों से आए विद्यार्थी रहकर शिक्षा प्राप्त करते हैं. आरोप है कि छात्रावास में रहने वाले कक्षा दसवीं के कुछ छात्रों ने कक्षा 5 वीं से 8 वीं में पढनेवाले जूनियर विद्यार्थियों को धमकाकर छात्रावास से लगभग 500 मीटर दूर स्थित एक सुनसान स्थान पर ले जाकर उनके साथ दुर्व्यवहार किया. बताया जा रहा है कि यह स्थान रेलवे कॉटेज के पास झाड़ियों से घिरा हुआ है, जहां आमतौर पर लोगों की आवाजाही कम रहती है. इसी एकांत का फायदा उठाकर यह कृत्य किए जाने की बात जांच में सामने आई है.
पीड़ित विद्यार्थियों ने कई बार छात्रावास में जिम्मेदार लोगों को इस बारे में बताने की कोशिश की, लेकिन कथित तौर पर उन्हें डराकर चुप रहने के लिए कहा गया. बाद में मामला सामने आने पर छात्रावास प्रशासन ने अभिभावकों को इसकी जानकारी दी. इसके बाद नाराज अभिभावकों ने पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस के अनुसार घटना की जानकारी मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है. घटनास्थल का निरीक्षण कर कुछ नमूने भी एकत्र किए गए हैं. यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में अन्य कोई छात्र या कर्मचारी शामिल तो नहीं है. इस घटना के सामने आने के बाद समाज कल्याण विभाग के छात्रावासों में विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं. पुलिस ने कहा है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

Back to top button