सुवर्णकारों को लुटनेवाले गिरोह के 7 आरोपी 21 तक रिमांड पर
कठोरा रोड पर 13 फरवरी की रात लूटा गया था व्यापारी को

अमरावती/दि.18 – ज्वेलरी संचालक को लूटनेवाले गिरोह के सातों आरोपियों को न्यायालय ने 21 फरवरी तक पुलिस रिमांड पर रखने के निर्देश दिए हैं. सातों आरोपियों के नाम सैयद इमरान सैयद मीर उर्फ दबंग, फिरोज खान कासम खान, शेख इमरान उर्फ इम्मू शेख रहमान, शेख रिजवान उर्फ कालू अब्दुल रहमान, शुभम उर्फ बंटी ज्ञानेश्वर खंडारे और सुरज सिध्दार्थ तायडे हैं.
बता दें कि बालाजी नगर निवासी सुशांत शेरेकर की कठोरा मार्ग पर सुमित्रा ज्वेलर्स नामक दुकान है और वे दुकान से कुछ दूरी पर ही रहते हैं. 13 फरवरी को शेरेकर 9 बजे के दौरान दुकान बंद कर दुपहिया वाहन से घर लौट रहे थे तब अज्ञात लूटेरों ने उन्हें रोककर चाकू का भय दिखाकर 1 करोड 5 लाख रुपए के सोने के आभूषण लूट लिए थे और फरार हो गए थे. इस घटना में गाडगे नगर पुलिस और क्राईम ब्रांच के दल ने जांच शुरू की थी. रविवार को दोपहर में क्राईम ब्रांच के दल को एक आरोपी की भनक लगते ही उसे कब्जे में लेकर कडी जांच करने पर उसने 6 साथियों की सहायता से घटना को अंजाम देने की कबूली दी. तत्काल पुलिस ने सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरा माल और घटना में इस्तेमाल वाहन व तीन चाकू समेत कुल 1 करोड 10 लाख 89 हजार रुपए का माल जब्त कर लिया. सोमवार को सभी को न्यायालय में पेश किया गया. न्यायालय ने उन्हें 21 फरवरी तक पुलिस हिरासत में रखने के निर्देश दिए हैं. मामले की जांच गाडगे नगर पुलिस आगे कर रही हैं.





