जुडवां शहर में उजागर हुआ ‘सेक्स स्कैंडल’

एक युवक के 6 युवतियों के साथ अश्लील वीडियो हुए वायरल

* अचलपुर निवासी आरोपी युवक परिवार सहित फरार, तलाश जारी
* आपत्तिजनक वीडियो के सामने आते ही अचलपुर व परतवाडा में मचा हडकंप
* भाजपा सहित हिंदुत्ववादी संगठनों ने अपनाई उग्र भूमिका, अब तक कोई पीडित नहीं पहुंची पुलिस थाने
* मामला सीएम व गृह मंत्री फडणवीस तक भी पहुंचा, सीएम ने ग्रामीण पुलिस को स्वसंज्ञान लेकर जांच करने के दिए निर्देश
अमरावती/परतवाडा /दि.13- इस समय जहां एक ओर नाशिक में कथित ज्योतिष्य अशोक खरात द्वारा कई संभ्रांत परिवारों की महिलाओं व युवतियों के साथ यौन शोषण किए जाने सहित एक मल्टीनैशनल कंपनी में काम करनेवाली युवतियों के धर्मांतरण का मामला जबरदस्त ढंग से चर्चा में बना हुआ है. वहीं लगभग इससे ही मिलता-जुलता या इससे कुछ अधिक खतरनाक मामला अमरावती जिले के अचलपुर-परतवाडा नामक जुडवां शहर में घटित होने की जानकारी सामने आ रही है. जहां पर एक युवक द्वारा अलग-अलग समुदायों की कई युवतियों को अपने जाल में फासने के बाद उनके साथ जबरन दुराचार करने और उन आपत्तिजनक पलों के अश्लील वीडियो तैयार कर उन्हें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड करने का मामला उजागर हुआ है. उक्त युवक के करीब 6 युवतियों के साथ रहनेवाले आपत्तिजनक वीडियो अब तक सामने आ चुके है. वहीं आशंका जताई जा रही है कि, ऐसे वीडियो और इस स्कैंडल का शिकार हुई युवतियों की संख्या इससे कहीं अधिक रह सकती है.
इस मामले के सामने आते ही भाजपा सहित कुछ अन्य हिंदुत्ववादी संगठनों ने बेहद तीव्र एवं उग्र भूमिका अपनाते हुए इसे लेकर सोशल मीडिया के जरिए अपने वीडियो पोस्ट किए है. जिनमें पूरे मामले को लेकर विस्तार के साथ जानकारी दी गई है. वहीं दूसरी ओर अचलपुर अथवा परतवाडा पुलिस थाने में अब तक किसी भी पीडिता द्वारा पहुंचकर कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. इस बीच यह जानकारी भी सामने आई है कि, यौन शोषण के इस मामले में जिस युवक का नाम सामने आ रहा है, वह कथित तौर पर अपने परिवार सहित जुडवां शहर से फरार हो चुका है. जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है. वहीं इस पूरे मामले की जानकारी से अवगत होते ही राज्य के मुख्यमंत्री व गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ग्रामीण पुलिस अधीक्षक से इस मामले में स्वसंज्ञान लेते हुए कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए है. इसके चलते ग्रामीण पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद ने इस मामले में व्यक्तिगत तौर पर ध्यान देना शुरु किया है.
इस पूरे मामले की जानकारी आज सुबह उस समय सामने आई, जब भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता शिवराय कुलकर्णी सहित हिंदू सुरक्षा सेवा संघ की महिला जिलाध्यक्ष नेहा अभय बाजपेयी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए अपने वीडियो संदेश में इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि, जुडवां शहर में रहनेवाले एक युवक ने इस क्षेत्र की 100 से अधिक युवतियों को अपने जाल में फंसाया और फिर उन्हें बहला-फुसलाकर उनके आपत्तिजनक फोटो व वीडियो निकालते हुए उन्हें ब्लैकमेल करना भी शुरु किया. जिसके आधार पर उन युवतियों के साथ यौन दुराचार भी किया गया और इसके अश्लील वीडियो बनाते हुए सोशल मीडिया साइड पर अपलोड भी किए गए. ऐसे वीडियो की संख्या 100 से अधिक रहने तथा लगभग इतनी ही संख्या में युवतियों को जाल में फंसाकर उनके साथ दुराचार किए जाने की बात भी सामने आई है.
आरोप यह भी है कि, उस कथित आरोपी युवक ने वॉटस्एप सहित स्नैपचैट पर गु्रुप तैयार करते हुए नाबालिग लडके-लडकियों के इधर-उधर से नंबर हासिल करने शुरु किए थे और ग्रुप में शामिल नाबालिग लडकियों के नंबर धर्म विशेष से वास्ता रखनेवाले कुछ अन्य युवकों को दिए जाते थे. जिसके बाद उन नाबालिग लडकियों को अपने जाल में फासने के लिए पुरा रैकेट ही काम पर लग जाया करता था. ऐसे में यह बेहद संगीन मामला है. जिसके चलते जुडवां शहर में जबरदस्त हडकंप व्याप्त है तथा इस मामले की सघन जांच किए जाने की मांग जोर पकड रही है.
वहीं दूसरी ओर सोशल मीडिया पर बडी तेजी के साथ वायरल हो रहे आपत्तिजनक वीडियो के मामले को लेकर अब तक किसी भी पीडिता द्वारा अचलपुर या परतवाडा के पुलिस थाने पहुंचकर अपनी कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. जिसके चलते पुलिस द्वारा अब तक इस मामले को लेकर अधिकारिक तौर पर जांच शुरु नहीं की गई है. हालांकि भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता शिवराय कुलकर्णी के जरिए इस मामले की जानकारी से अवगत होने के बाद राज्य के मुख्यमंत्री व गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ग्रामीण जिला पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद को इस मामले में स्वसंज्ञान लेते हुए जांच शुरु करने का निर्देश दिया. जिसके बाद एसपी विशाल आनंद के आदेश पर अचलपुर व परतवाडा पुलिस ने अपने स्तर पर इस मामले में जांच-पडताल करनी शुरु की है.
एसपी विशाल आनंद ने इस संदर्भ में दैनिक ‘अमरावती मंडल’ के साथ बातचीत करते हुए कहा कि, यदि कोई पीडिता बदनामी के डर की वजह से सामने आकर शिकायत दर्ज नहीं कराना चाहिती, तो ऐसी पीडिताओं ने सीधे एसपी कार्यालय से गुप्त तौर पर संपर्क करना चाहिए. जिसके बाद एसपी कार्यालय द्वारा महिला पुलिस कर्मियों के जरिए उन पीडिताओं की शिकायतें और बयान को दर्ज किया जाएगा. साथ ही पीडिताओं के नाम पर पते को गुप्ता रखते हुए मामले की जांच को आगे बढाकर आरोपी युवक व उसके साथियों के खिलाफ कडी कार्रवाई की जाएगी.
* सांसद डॉ. बोंडे ने एसपी आनंद को सौंपा ज्ञापन
वहीं इस बीच भाजपा नेता व राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल बोंडे के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों के प्रतिनिधि मंडल ने ग्रामीण पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद से भेंट करते हुए उन्हें एक ज्ञापन सौंपा. जिसमें इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया गया कि, अचलपुर व परतवाडा सहित अमरावती जिले में कई स्थानों पर समुदाय विशेष से वास्ता रखनेवाले लोगों द्वारा अलग-अलग नामों वाले वॉटस्एप व स्नैपचैट ग्रुप तैयार किए गए है. जिनके जरिए पढाई करनेवाले नाबालिग लडके-लडकियों के नंबर हासिल किए जाते है और फिर उन्हें ब्लैकमेल करते हुए उनसे पैसों की मांग की जाती है. साथ ही साथ नाबालिग बच्चियों के साथ यौन शोषण करते हुए उनके आपत्तिजनक वीडियो बनाने के साथ ही उन्हें ब्लैकमेल कर देह व्यापार की दलदल में धकेला जाता है.
ज्ञापन सौंपते समय सांसद डॉ. अनिल बोंडे, महापौर श्रीचंद तेजवानी, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता शिवराय कुलकर्णी, मनपा के सभागृह नेता चेतन गावंडे, पार्षद आशीष अतकरे, ऋषिकेश देशमुख, राधा कुरील, सुरेखा लुंगारे व प्रदीप हिवसे, भारतीय जनता युवा मोर्चा के शहराध्यक्ष विक्की शर्मा तथा हिंदू सुरक्षा सेवा संघ की महिला जिलाध्यक्ष नेहा बाजपेयी व अचलपुर के सामाजिक कार्यकर्ता अभय बाजपेयी उपस्थित थे.
* हमें अब तक नहीं मिली कोई शिकायत – थानेदार म्हस्के
इस पूरे मामले को लेकर जानकारी हेतु संपर्क किए जाने पर परतवाडा पुलिस स्टेशन के थानेदार सुरेश म्हस्के ने बताया कि, इस तरह के कुछ आपत्तिजनक वीडियो उनके पास भी आए है, जिसमें दिखाई दे रहे युवक व अलग-अलग युवतियों के अचलपुर व परतवाडा क्षेत्र के रहने की शिकायते भी मिली है. ऐसे में अब इस बात की जांच-पडताल की जा रही है. साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि, उनके पास अब तक किसी भी पीडित की ओर से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है. जिसके चलते अब तक किसी के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया.

* किसी को डरने की जरुरत नहीं, सीधे पुलिस के पास आओ
इस पूरे मामले को लेकर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए ग्रामीण पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद ने बताया कि, अचलपुर-परतवाडा परिसर में सेक्स स्कैंडल जारी रहने की जानकारी उनके पास भी पहुंची है. जिसे लेेकर अब तक किसी भी पीडिता द्वारा अधिकारिक तौर पर शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. जिसके चलते पुलिस ने स्वसंज्ञान लेते हुए जांच शुरु कर दी है. एसपी आनंद ने यह भी कहा कि, किसी भी पीडिता को डरने की कोई जरुरत नहीं है. यदि वे बदनामी के डर की वजह से अचलपुर या परतवाडा पुलिस के सामने नहीं आना चाहती, तो उन्होंने सीधे ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कार्यालय से संपर्क करना चाहिए. जहां पर महिला पुलिस कर्मियों द्वारा उनके बयानों व शिकायतों को दर्ज कराया जाएगा. साथ ही उनके नाम व पते को पूरी तरह से गुप्त भी रखा जाएगा.

Back to top button