शरद पवार बड़े नेता हैं लेकिन राज्यसभा सीट पर समझौता नहीं
उद्धव ठाकरे गुट वाली शिवसेना ने अपनाया स्पष्ट रुख

मुंबई/दि.27 – वर्ष 2026 में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर महाराष्ट्र की महाविकास आघाड़ी (एमवीए) में सीट बंटवारे को लेकर खींचतान तेज हो गई है. इसी बीच उद्धव ठाकरे गुट के नेता वरुण सरदेसाई ने साफ शब्दों में कहा है कि शरद पवार बड़े और अनुभवी नेता हैं, लेकिन राज्यसभा की सीट पर उनका दावा किसी भी परिस्थिति में छोड़ा नहीं जाएगा.
बता दें कि, महाराष्ट्र से राज्यसभा की सात सीटों के लिए चुनाव होना है, जिसमें महाविकास आघाड़ी का एक उम्मीदवार जीत सकता है. हालांकि इस एक सीट को लेकर गठबंधन के सहयोगी दलों के बीच सहमति नहीं बन पाई है. इस मुद्दे पर कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के नेताओं के बीच बैठक भी हुई, लेकिन कोई अंतिम फैसला नहीं हो सका.
इस विषय पर उद्धव ठाकरे गुट का कहना है कि महाविकास आघाड़ी में उनके विधायकों की संख्या सबसे अधिक है, इसलिए राज्यसभा की सीट पर पहला अधिकार उनका बनता है. इसी आधार पर पार्टी नेतृत्व ने सीट की मांग मजबूत तरीके से रखी है. उद्धव सेना के विधायक वरुण सरदेसाई ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पिछली बार उनकी पार्टी ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार को समर्थन दिया था, लेकिन इस बार परिस्थितियां अलग हैं और पार्टी अपना दावा वापस नहीं लेगी.
राज्यसभा सीट को लेकर महाविकास आघाड़ी के भीतर जारी इस राजनीतिक रस्साकशी पर अब सभी की नजरें टिकी हुई हैं कि अंततः उम्मीदवार किस दल के खाते में जाता है.





