शिवझिरी घाट दुर्घटना पर विधानसभा में गूंजा मुद्दा

विधायक रवि राणा की तात्कालिक ध्यानाकर्षण सूचना

* अध्यक्ष ने मंत्रियों को दिए कार्रवाई के निर्देश
अमरावती /दि.25 – अमरावती जिले के मेलघाट क्षेत्र स्थित शिवझिरी घाट में मजदूरों से भरा पिकअप वाहन गहरी खाई में गिरने से हुई भीषण दुर्घटना का मुद्दा विधानसभा में जोरदार ढंग से उठाया गया. विधायक रवि राणा ने इस संबंध में तात्कालिक ध्यानाकर्षण प्रस्ताव प्रस्तुत कर सरकार का ध्यान आकर्षित किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने संबंधित विभाग के मंत्रियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए.
खाई में गिरा मजदूरों से भरा वाहन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन घाट मार्ग से गुजर रहा था, तभी चालक का नियंत्रण अचानक छूट गया और वाहन गहरी खाई में जा गिरा. दुर्घटना में कई मजदूरों की मौत हो गई, जबकि अनेक गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत चिंताजनक बताई जा रही है. इस हादसे से मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे मेलघाट क्षेत्र में शोक की लहर है.
पीड़ित परिवारों को मिले ठोस सहायता
विधानसभा में बोलते हुए विधायक रवि राणा ने मांग की कि मृतकों के परिजनों को शासन की ओर से तत्काल आर्थिक सहायता घोषित की जाए. साथ ही घायलों का समुचित उपचार शासकीय खर्च पर सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने यह भी मांग की कि संबंधित मंत्री एवं प्रशासनिक अधिकारी पीड़ित परिवारों के घर जाकर उन्हें सांत्वना दें और प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता प्रदान करें.
जिम्मेदारों पर हो सख्त कार्रवाई
राणा ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के निलंबन की मांग करते हुए संबंधित अधिकारी एवं ठेकेदार पर आपराधिक प्रकरण दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की. उन्होंने कहा कि यदि समय रहते घाट मार्ग पर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए गए होते तो संभवतः यह हादसा टल सकता था.
सुरक्षा उपायों की भी उठी मांग
भविष्य में ऐसी दुर्घटनाएं रोकने के लिए शिवझिरी घाट मार्ग पर त्वरित सुरक्षा उपाय लागू करने, चेतावनी संकेतक, रेलिंग, सड़क मरम्मत एवं नियमित निरीक्षण की व्यवस्था करने की मांग भी सदन में की गई.
इस संवेदनशील मुद्दे पर सदन में गंभीर वातावरण रहा और सरकार की ओर से शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने की जानकारी सामने आई है.

Back to top button