सोने से लेकर वाहनों, उपकरणों में शॉपिंग जोरदार
अमरावती को खूब लुभाया गुढी पाडवा का पर्व

* कपडा, बर्तन में भी जोरदार ग्राहकी
* रमजान ईद के अवसर ने की व्यापार की पौ बारह
अमरावती/दि.19 – भारतीयों में अपने त्यौहारों को लेकर आज भी उत्साह और उमंग कायम है. अपितु बढने का सीन है. अंबानगरी में भी हिंदू नववर्ष के प्रारंभ का दिन गुढी पाडवा बडे ही उत्साह से मनाया गया. जिसके कारण मार्केट में सभी प्रकार की वस्तुओं की जमकर खरीदी की दृश्य रहा. कपडे से लेकर सोना-चांदी, वाहनों से लेकर बर्तनों, घरेलू उपकरणों तक में ग्राहकी हुई. अनेक दम्पतियों ने साथ आकर मुहूर्त साध्य किया. आज की शुभ बेला में सैकडों वाहनों की डिलीवरी के साथ ही सैकडों लोगों ने घर, मकान, ऑफिस और प्लाट बुक किये. खास गुढी पाडवा के कारण आज अचल संपत्ति के सौदे होने से पंजीयन कार्यालय खुले रहे.
* सराफा में लाइट वेट ज्वेलरी पर जोर
सराफा मार्केट के जानकारों ने आज दोपहर अमरावती मंडल को बताया कि, गुढी पाडवा का मुहूर्त होने से कई लोगों ने विवाह की ज्वेलरी की खरीददारी आज से प्रारंभ कर दी. अत: सभी प्रमुख शोरुम में लाइट वेट ज्वेलरी खरीदने पर जोर रहा. त्रिमूर्ति ज्वेलर्स के संचालक अमित सोनी ने बताया कि, पेंडेंट, टॉप्स, डोरला मनी, हाफ सेट पसंद किये गये, खरीदे गये. अमित सोनी ने बताया कि, 24 कैरेट सोना आज 1 लाख 54 हजार प्रति 10 ग्राम रहा. वहीं 22 कैरेट के दाम 1 लाख 42 हजार रहे. चांदी 2 लाख 42 हजार रुपए प्रति किलो ग्राम रही. हाई से काफी कम रेट होने के कारण भी गुढी पाडवा पर तुलना में अच्छी ग्राहकी रही. शाम तक ग्राहकी बढने की संभावना है. सोने के रेट आज के दिन ही कम होने से लोगों ने काफी प्रमाण में खरीदी की. निश्चित ही मार्केट की गुढी पाडवा को लेकर चली आ रही उम्मीद सफल रही. शहर के सभी प्रमुख शोरुम में ग्राहक उमडे थे. अमरावती में डायमंड ज्वेलरी की भी डिमांड बढ गई है. ऐसे में सभी प्रमुख ज्वेलर्स त्रिमूर्ति, एकता, खंडेलवाल मीनाक्षी, एपी सिल्वर, खंडेलवाल ज्वेलर्स, बजरंगलाल छोटेलाल वर्मा, महालक्ष्मी ज्वेलर्स, कुबडे सराफ, माधुरी ज्वेलर्स, प्रकाशचंद कोठारी जेपी कोठारी ज्वेलर्स, करण कोठारी ज्वेलर्स में मुहूर्त खरीदी के लिए बडी संख्या में ग्राहक उमडे थे. श्याम तक ग्राहकी और तेज होने की संभावना सराफा सूत्रों ने व्यक्त की.

* 1300 टूविलर, 400 कारों की डिलीवरी
अमरावती में वाहनों के चहेतें भी लगातार बढ रहे हैं. आज गुढी पाडवा का पर्व कैसे खाली जाता. अंदाज है कि, शहर में इलेक्ट्रीक वेहिकल मिलाकर विभिन्न कंपनियों के 1300 से अधिक टूविलर्स की डिलीवरी लोगों ने बडे उत्साह और चाव से ली. उसी प्रकार कारों की ग्राहकी भी लगातार बढती जा रही है. 400 से अधिक नई कारें आज से अमरावती की सडकों पर दौडेगी. प्रादेशिक परिवहन विभाग ने गुढी पाडवा निमित्त खास तैयारी कर रखी थी. लोगों को पटापट पंजीयन कर वाहनों की डिलीवरी डीलर्स ने दी. फलस्वरुप ग्राहकों का उत्साह बढ गया था. इलेक्ट्रीक वाहन भी बडी मात्रा में खरीदें गये. जेपीएस होंडा, जेपीएस रॉयल, जेपीएस कीया के संचालक श्रवण गट्टाणी ने बताया कि, निश्चित ही वाहन निर्माताओं को गुढी पाडवा जैसे पर्व का इंतजार जिस बात के लिए रहता है, वह मुहूर्त ग्राहकी अमरावती में जोरदार रही. हमारे तीनों शोरुम से 400 से अधिक दुपहिया और कारों की डिलीवरी दिये जाने की जानकारी श्रवण गट्टाणी ने दी. उन्होंने बताया कि, मार्केट का मूड जोरदार रहा और सभी कंपनियों के टूविलर्स और फोरविलर्स की अपेक्षित मात्रा में डिलीवरी आज दी गई. उधर वाहन बाजार सूत्रों ने बताया कि, आज के दिन सेकंड हैंड वाहनों की भी अच्छी विक्री हुई है.

* फ्रीज, एसी, कूलर्स की जमकर विक्री
गर्मी के सीजन के साथ गुढी पाडवा के मौके पर रेफ्रिजरेटर, एसी, कूलर्स की काफी प्रमाण में विक्री होने की जानकारी मार्केट सूत्रों ने दी. शहर के केडिया मॉल, मॉडर्न टे्रडिंग सेंटर, निखिल एंटरप्राइजेस, पूनम इलेक्ट्रॉनिक्स, मुरली इलेक्ट्रॉनिक्स और सभी प्रमुख शोरुम में आज सबेरे से ही ग्राहकी उमड पडी थी. केडिया मॉल के संचालक नीरज केडिया ने बताया कि, मौसम के हिसाब से फ्रीज, एसी, कूलर्स खरीदी पर जोर है. आज लगभग 150-200 यूनिट की डिलीवरी की शाम तक संभावना है. अन्य शोरुम्स में प्रमुख कंपनियों के उत्पाद के लिए लोगों ने भीड की थी. मार्केट ट्रेंड के मुताबिक बडे प्रमाण में लोगों ने मोबाइल हैंडसेट भी खरीदें, गुढी पाडवा का मुहूर्त साध्य किया. यह भी बता दें कि, दो दिनों में रमजान ईद का त्यौहार होने से मुस्लिम बांधव भी आज बडी संख्या में वे भी खरीदारी के लिए उमडे थे. मार्केट में चहूंओर ग्राहकी का नजारा साफ दिखाई दे रहा था. घरेलू उपकरणों मिक्सर, ओवन, इंडक्शन, आयरन, आटा चक्की और बर्तनों की भी विक्री का आलम रहा.
* कपडा मार्केट में जबर्दस्त रश
रमजान ईद और गुढी पाडवा का त्यौहार लगकर आने से कपडा मार्केट में प्रमुख व्यापारियों को सांस लेने की भी फुरसत नहीं रहने का चित्र इस पूरे सप्ताह रहा. ऐसे में आराधना से लेकर श्रद्धा साडिज, एस. मनोहरलाल, मंगल वस्त्रालय, दूल्हेराजा, विजय साडी और सभी प्रमुख शोरुम में गुढी पाडवा व रमजान की ग्राहकी जोरदार दिखाई दी. सभी शोरुम के संचालकों ने बताया कि, कपडे के नये ट्रेंड से ग्राहक प्रभावित और खुश दिखाई दिये. मनपसंद कपडों के साथ अनेक शोरुम में उपहारों की झडी लगा रखी है. उसका भी ग्राहक चाव से लाभ लेते देखे गये.
* कई लेआउट लांच
शहर में गुढी पाडवा के मौके पर अचल संपत्ति क्षेत्र में भी मुहूर्त ग्राहकी के साथ डेवलपर्स द्वारा प्लाट खरीदी और लेआउट लांच किये गये. तथापि डीलर्स से बात की तो अधिकांश ने कहा कि, सीमित मात्रा में सौदे हुए हैं. पाडवा पर घर, दुकान, ऑफिस, स्पेस खरीदने के लिए अच्छा मुहूर्त माना जाता है. फिलहाल लोगों का रुझान सीमित नजर आ रहा है.
बर्तन मार्केट में भी ग्राहकी का आलम रहा. बडी संख्या में घरेलू बर्तनों क अलावा ताजा दौर के उपकरणों की खरीदी की गई. इतना ही नहीं तो साइकिल विक्रेताओं के यहां भी बच्चे-बूढे साइकिल खरीदने के लिए उमडे थे.





