श्री प्रेमकिशोर सिकची विद्यालय एवं माहेश्वरी कनिष्ठ कला महाविद्यालय
अमरावती में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस उत्साह के साथ मनाया गया

अमरावती/दि.17 – श्री गणेशदास राठी छात्रालय समिती अमरावती द्वारा संचालित प्रेमकिशोर सिकची विद्यालय एवं माहेश्वरी कनिष्ठ कला महाविद्यालय, अमरावती में दिनांक 7 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का कार्यक्रम बड़े उत्साह के साथ संपन्न हुआ. कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के मुख्याध्यापक राजेश पवार ने की. मुख्य अतिथि के रूप में गणेशदास राठी छात्रालय समिति, अमरावती के सन्माननीय अध्यक्ष वसंतकुमारजी मालपाणी तथा रीता उईके (पुलिस निरीक्षक, शहर यातायात शाखा, अमरावती), डॉ. शिल्पा पाटील (स्त्री रोग विशेषज्ञ, गीताई क्लिनिक, तिवसा), श्रीमती सीमा व्यास (पर्यवेक्षिका), श्रीमती पूजा सारडा (जीआरसीएस कॉन्वेंट, अमरावती) एवं श्रीमती सोनाली ठाकरे (मुख्याध्यापिका, श्री गोपीकिशन राठी मराठी स्कूल) सहित अन्य मान्यवर मंच पर उपस्थित थे.
कार्यक्रम की शुरुआत प्रतिमा पूजन एवं दीप प्रज्वलन से की गई. उपस्थित मान्यवरों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया गया. कार्यक्रम का प्रस्तावना अजय केवाले ने प्रस्तुत किया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि वसंतकुमारजी मालपाणी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं का परिवार और समाज के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान है. महिलाओं को शिक्षा, सम्मान और समान अवसर मिलने पर समाज का सर्वांगीण विकास संभव है. उन्होंने विद्यार्थियों से महिलाओं का सम्मान बनाए रखते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का आह्वान किया. इसी प्रकार रीता उईके ने कहा कि महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे आकर हर क्षेत्र में अपनी पहचान बनानी चाहिए. साहस, शिक्षा और परिश्रम के बल पर महिलाएं किसी भी चुनौती का सामना कर सकती हैं. उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरणादायी मार्गदर्शन दिया. डॉ. शिल्पा पाटील ने महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को अत्यंत आवश्यक बताया. उन्होंने कहा कि स्वस्थ महिला ही परिवार और समाज की मजबूत आधारशिला होती है. इसलिए महिलाओं को अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए शिक्षा और प्रगति की ओर ध्यान देना चाहिए.
महिला दिवस के अवसर पर विद्यालय में डिश डेकोरेशन प्रतियोगिता तथा वेशभूषा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. इन प्रतियोगिताओं में कक्षा 5वीं से 9वीं तक के अनेक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. अपने अध्यक्षीय भाषण में मुख्याध्यापक आर. के. पवार ने कहा कि महिला दिवस महिलाओं के सशक्तिकरण का संदेश देने वाला महत्वपूर्ण दिवस है. समाज में भेदभाव को समाप्त कर महिलाओं की समानता के लिए प्रयास करना समय की आवश्यकता है. कार्यक्रम का संचालन आशिष कालबांडे ने किया तथा आभार प्रदर्शन संदीप शर्मा ने किया. कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों, स्काउट-गाइड यूनिट तथा आरएसपी यूनिट के सभी सदस्यों ने विशेष सहयोग दिया.





