भाई की आत्महत्या के बाद दूसरे दिन बहन के हृदयाघात से मौत

वाशिम जिले के लोहगांव की घटना, गांव में शोक

कारंजा लाड (वाशिम)/दि.7 – वाशिम जिले के कारंजा लाड तहसील में आने वाले लोहगांव में एक दिन के अंतर में सगे भाई-बहन की मृत्यु होने से गांव में शोक व्याप्त है. शराब के नशे में हुए पारिवारिक विवाद के कारण भाई ने आत्महत्या कर ली. इसी शोक और बीमारी के कारण दूसरे दिन बहन की भी दिल का दौरा पडने से मृत्यु हो गई. मृतकों के नाम गोकुल वामनराव राठोड (40) और गीता रामेश्वर राठोड (45) है.
जानकारी के मुताबिक गोकुल राठोड को शराब की लत थी. इस लत के कारण उनके परिवार में बार-बार विवाद होता था. 4 अप्रैल की रात 8 बजे के दौरान नशे में उसका पत्नी के साथ विवाद हो गया. इस विवाद के चलते संतप्त हुए गोकुल राठोड ने घर के पास के पेड पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद उसे तत्काल कारंजा के उपजिला अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया. पोस्टमार्टम प्रक्रिया के बाद उसका शव परिजनों को सौंपा गया. 5 अप्रैल को दोपहर में उसकी अंत्येष्टि की गई. इस प्रकरण में कारंजा ग्राम पुलिस ने हीराचंद चव्हाण की शिकायत पर आकस्मिक घटना दर्ज की है. राठोड परिवार इस घटना के कारण शोक में था. ऐसे में दूसरे दिन उनके परिवार में एक और घटना घटित हुई. गोकुल राठोड की बडी बहन गीता राठोड को 5 अप्रैल की रात 9 बजे दिल का दौरा पडा. वह पहले से ही गंभीर बीमारी से त्रस्त थी. भाई के निधन के कारण उसकी तबीयत अचानक बिगड गई. उसे बेहोशी के हालत में कारंजा उपजिला अस्पताल में भर्ती किया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया. एक दिन के अंतर से सगे भाई-बहन की मृत्यु होने से लोहगांव में शोक व्याप्त है.

Back to top button