एसटी बसों में छूट के लिए अनिवार्य होगा स्मार्ट कार्ड
यात्रियों के लिए भुगतान होगा आसान, कैशलेस और डिजिटल व्यवस्था को मिलेगा बढावा

अमरावती / दि.28 – महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन मंडल (एसटी) ने यात्रियों की सुविधा और पारदर्शी व्यवस्था के लिए बडा फैसला लिया है. अब एसटी बसों में रियायती यात्रा का लाभ लेने के लिए नैशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) अनिवार्य किया जा रहा है. यह नया स्मार्ट कार्ड नगद लेन देन की जगह कैशलेस और डिजीटल व्यवस्था को बढावा देगा.
इस कार्ड के जरिए रियायतों का सटिक रिकार्ड रखा जायेगा और भुगतान भी आसान होगा. इस प्रकल्प के लिए एसटी महामंडल ने ईविक्स टैक्नॉलाजी लिमिटेड और एनएनडीएल पेमेंट्स बैंक के साथ साझेदारी की है. जल्द ही सभी बसस्थानकों में पंजीकरण अभियान शुरू होगा.
* किन यात्रियों को मिलेगा लाभ ?
योजना में छात्र, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं और दिव्यांग यात्री शामिल है. इसके अलावा स्वतंत्रता सेनानी, मान्यता प्राप्त पत्रकार और राज्यस्तरीय पुरस्कार विजेताओं को भी यह कार्ड दिया जायेगा. विद्यार्थियों का कार्ड स्कूल नंबर से लिंक होगा. वहीं महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों का आधार से दिव्यांगों का यूडीआयडी नंबर से संचालित किया जायेगा.
कार्ड का शुल्क कितना ?
एनसीएमसी कार्ड की कीमत 199 रखी गई है. जो यात्री नया कार्ड बनवाते समय अपना पुराना स्मार्ट कार्ड जमा करेंगे. उन्हें 50 रूपए की छूट दी जायेगी. पुराना कार्ड जमा करने पर यह कार्ड 149 रूपए में मिलेगा. कार्ड में न्यूनतम 100 रूपए का बैलेंस रखना जरूरी होगा और 50 रूपए की राशि में रिचार्ज किया जा सकेगा. रिचार्ज एटीआइएम मशीन, वेबसाइट, मोबाइल अॅप या अधिकृत एजेंट से किया जा सकेगा.
* बसस्थानक और एजेंट के जरिए पंजीकरण
एसटी महामंडल ने इविक्स टेक्नॉलाजी के साथ करार किया है और सभी बसस्थानकों पर पंजीकरण जल्द शुरू होगा. महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए 3 हजार से अधिक अधिकृत एजेंट नियुक्त किए जायेंगे. बसस्थानक पर ही कार्ड बनने से ग्रामीण परिसर के यात्रियों को राहत मिलेगी.
अनिवार्य होगा कार्ड
एसटी महामंडल ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में रियायती यात्रा के लिए स्मार्ट कार्ड जरूरी होगा. एसटी महामंडल ने स्मार्ट कार्ड बनाने की यात्रियों से अपील की है. क्योंकि इसके आधार पर आगे रियायतों का लाभ मिलेगा.