सर्पदंश से सर्पमित्र की मौत
जनुना गांव की घटना

खामगांव / दि.10 – सांप को पकडने के बाद जंगल में छोडते समय सर्पदंश से एक सर्पमित्र की मौत होने की घटना खामगांव के समीप जनुना गांव में सोमवार 9 मार्च को दोपहर 12 बजे घटी. मृतक सर्पमित्र का नाम मंगेश प्रकाश कांबले (32) हैं.
सांप के काटने के बाद उसे बेहोशी की अवस्था में स्थानीय सामान्य रूग्णालय में उपचार के लिए भर्ती किया गया और प्रथमोपचार के बाद उसे अकोला रेफर किया गया. रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.
परिजनों ने रोष व्यक्त किया
सर्पमित्र मंगेश कांबले को जब उपचार के लिए अकोला ले जाया जा रहा था. तब पैसे के विषय को लेकर एम्बुलेंस चालक ने टेंभुर्णा से एम्बुलेंस वापस सामान्य रूग्णालय में लाने का आरोप उसके परिजनों ने लगाया. परिजनों का कहना है कि मंगेश को वापस लाने की वजह से ही उसकी मौत हुई है. परिजनों ने सामान्य रूग्णालय में आक्रोश व्यक्त किया. इस घटना की जानकारी मिलते ही नगरसेवक राम मिश्रा अस्पताल में पहुंचे. इस समय परिजनों ने उनके सामने रोष व्यक्त करते हुए एम्बुलेंस चालक के खिलाफ अपराध दर्ज करने की मांग की.