शराबी पिता को बेटे ने उतारा मौत के घाट

वलगांव थाना क्षेत्र के रेवसा की घटना, मचा हडकंप

* पुलिस ने हत्यारोपी बेटे को किया गिरफ्तार, जांच जारी
अमरावती/दि.13 – समीपस्थ वलगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रेवसा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने अपने शराबी पिता की निर्मम हत्या कर दी. मृतक की पहचान जनार्दन श्रीराम केवदे (52 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उनका बेटा धीरज जनार्दन केवदे (18 वर्ष) है. जिसे वलगांव पुलिस ने तुरंत ही खोज निकालते हुए गिरफ्तार किया. घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है और क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है.
प्राप्त जानकारी के अनुसारयह घटना बीती रात करीब 1:30 बजे की है, जब आरोपी धीरज केवदे अपने घर पहुंचा था. इसी दौरान किसी बात को लेकर शराब के नशे में धूत रहनेवाले पिता जनार्दन केवदे ने अपने बेटे के के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी करनी शुरू की. देखते ही देखते यह मामूली विवाद उग्र रूप धारण कर गया. जिसके बाद गुस्से में आकर धीरज ने घर में रखे लकड़ी के टुकड़े (टोम्पे) से अपने पिता के सिर पर लगातार कई वार कर दिए. गंभीर चोट लगने से जनार्दन केवदे की मौके पर ही मौत हो गई. पता चला है कि, जनार्दन केवदे द्वारा अक्सर ही शराब पीकर परिवार में किसी न किसी से झगडा किया जाता था, जिसके चलते जनार्दन केवदे से पूरा परिवार काफी परेशान था. विशेष तौर पर धीरज केवदे का अक्सर ही उसके पिता जनार्दन केवदे के साथ विवाद हुआ करता था. संभवत: इसी से तंग आकर बीती रात धीरज केवदे ने अपने शराबी पिता को मौत के घाट उतार दिया.
घटना की सूचना मिलते ही वलगाँव पुलिस और अपराध शाखा की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हत्या के पीछे के कारणों की गहराई से पड़ताल की जा रही है. पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद और आरोपी का नशे में होना घटना का मुख्य कारण बताया जा रहा है. हालांकि, पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है.
इस हृदयविदारक घटना से रेवसा गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों के अनुसार, परिवार सामान्य जीवन व्यतीत कर रहा था, लेकिन इस घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया है. पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.

Back to top button