गोपाल नगर में बेटे ने बाप को उतारा मौत के घाट
शराब के पैसों को लेकर हुआ था झगडा, बेटे ने किया जानलेवा हमला

* झगडे में सिर पर डंडा लगने से पिता मधुकर बोरकर की मौत
* हत्यारोपी बेटे राहुल बोरकर को राजापेठ पुलिस ने दबोचा
* घटना के चलते पूरे परिसर में जबरदस्त हडकंप
अमरावती /दि.13- शहर के राजापेठ थाना क्षेत्र के गोपाल नगर परिसर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शराब पीने के लिए पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक का नाम मनोहर मधुकर बोरकर (55) है, जबकि आरोपी बेटे का नाम राहुल मनोहर बोरकर (33) बताया गया है.
बताया जा रहा है कि आरोपी राहुल अपने पिता से शराब पीने के लिए पैसे मांग रहा था. इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में गंभीर झगड़े में बदल गई. प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार गुस्से में आकर राहुल ने घर में रखी लकड़ी की बल्ली से अपने पिता मधुकर बोरकर पर हमला कर दिया. अचानक हुए इस हमले में मनोहर बोरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही राजापेठ पुलिस का दल तुरंत मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का पंचनामा कर मामले की जांच शुरू की. पुलिस निरीक्षक पुनीत कुलट के मार्गदर्शन में राजापेठ डीबी स्क्वॉड ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी राहुल बोरकर को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है. घटना के बाद गोपाल नगर परिसर में दहशत और शोक का माहौल है.
इस मामले के घटित होते ही हत्यारोपी बेटे को महज कुछ ही देर के भीतर राजापेठ पुलिस स्टेशन के थानेदार पुनित कुलट के मार्गदर्शन में पीएसआई हिरवे, पोहेकां मनीष करपे व रवि लिखितकर तथा पुलिस कर्मी सागर, अर्जुन व पंकज ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की.





