शीघ्र अमरावती से रात में भी विमानों की आवाजाही
डॉपलर हाई फ्रिक्वेंसी रेंज और डिस्टंस मेजरिंग साधन के टेस्ट सफल

* अब केवल एक परीक्षण शेष, फिर अमरावती विमानतल पर नाइट लैंडिंग भी
अमरावती/दि.5 – पिछले वर्ष अप्रैल में ऑपरेटिव हुए अमरावती विमानतल से अगले दो माह में रात्रि में भी विमानों की आवाजाही सुलभ हो जाएगी. बुधवार को महाराष्ट्र विमानतल कंपनी ने बेलोरा स्थित अमरावती विमानतल पर लगाई गई डॉपलर हाई फ्रिक्वेंसी रेंज और डिस्टंस मेजरिंग साधन के टेस्ट सफल कर लिया है. स्वयं एमएडीसी की प्रबंध निदेशिका स्वाती पाण्डेय ने इस बात की घोषणा की है. उन्होंने जारी प्रेस बयान में कहा कि, अमरावती एअरपोर्ट पर विश्व मानकों के अनुरुप नाइट लैंडिंग सुविधा का परीक्षण हो गया है. अब केवल एक परीक्षण डीजीसीए द्वारा होगा और अमरावती से भी रात-बेरात विमान आ-जा सकेंगे. सूत्रों की माने तो अमरावती से अगले कुछ माह में राजधानी दिल्ली, पुणे, अहमदाबाद, हैदराबाद के लिए अलग-अलग एअर लाइन्स से सेवाएं उपलब्ध हो सकती है.
* उपकरणों का परीक्षण
विमानतल की सुरक्षा और सटीक प्रणाली के लिए डीव्हीओआर तथा एचपी-डीएमई प्रणाली महत्वपूर्ण मानी जाती है. यह आधुनिक रेडिओ नेविएशन सिस्टम है. पायलट को विमान की दिशा और मार्ग की सटीक जानकारी देने इसका उपयोग होता है. डॉपलर तकनीक से पर्वतीय अथवा उबड-खाबड क्षेत्र में भी यह सिस्टम सटीक रेडीअल जानकारी देता है. विमान का रनवे से कितना फासला है, इसकी नापजोख एचपीडीएमई सिस्टम से संभव है. यह सिस्टम ही पायलट को विमान को लैंड करते समय बिल्कुल सटीक रखता है.
* परिचालन क्षमता बढी
अमरावती विमानतल की उक्त तकनीकी परीक्षा पास होने से यहां की विमानों की परिचालन क्षमता बढ गई है. एमएडीसी प्रशासन ने स्वयं कहा कि, अब रात्रि में विमानों के लैंड होने और उडान भरने की दिशा में केवल एक कदम शेष है. उन्होंने बताया कि, उडान परीक्षण यूनिट ने सिस्टम की जांच कर ली है. अब डीजीसीए आकर एक परीक्षण करेगा. कागजी कार्यवाही पश्चात अमरावती विमानतल पर भी रात-बेरात हवाई जहाज आ-जा सकेंगे.
* क्या कहा प्रबंध निदेशक पाण्डेय ने?
एमएडीसी की उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक स्वाती पाण्डेय ने कहा कि, उन्होंने स्वयं तकनीकी परीक्षण दौरान विविध बातों और स्तरों को देखा. अमरावती में विविध सरकारी यंत्रणा से तालमेल रखकर यह परीक्षण तय समय में पूर्ण किया गया. इसके लिए उन्होंने पायलट और तकनीकी टीम का अभिनंदन किया है.
* मुंबई अब सप्ताह में 5 बार
आगामी 28 मार्च से अमरावती-मुंबई विमान सेवा सप्ताह में 5 दिन की जा रही है. उसी प्रकार आगामी दिनों में दिल्ली, पुणे, अहमदाबाद, हैदराबाद के लिए भी सेवाएं शुरु होने की संभावना सूत्रों ने ‘अमरावती मंडल’ से बातचीत में व्यक्त की और बताया कि, फिलहाल मुंबई उडान अलायंस एयर लाइन संचालित कर रही है. जबकि अन्य शहरों की उडाने अलग-अलग एयर लाइन्स से होने की संभावना है. सूत्रों ने यह भी बताया कि, अब अमरावती विमानतल परिपूर्ण हो गया है. जिससे यहां के पायलट प्रशिक्षण केंद्र का भी शुभारंभ आगामी अप्रैल से हो सकता है. पायलट प्रशिक्षण केंद्र शुरु होने पर अमरावती विश्व के मैप पर प्रमुखता से झलकेगा. उसी प्रकार यहां के इको सिस्टम को भी फायदा होगा.





