स्वच्छता, प्रधानमंत्री आवास, ई-बस सेवा और नई बाजारपेठों पर विशेष जोर
महानगरपालिका के सर्वांगीण विकास हेतु महापौर की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक

* बडनेरा के सोमवार बाजार को विकसित करने पर हुई चर्चा
अमरावती /दि.11 – शहर के सर्वांगीण विकास को गति देने के उद्देश्य से महापौर श्रीचंद तेजवाणी ने मंगलवार, 10 फरवरी 2026 को अमरावती महानगरपालिका के कॉन्फ्रेंस हॉल में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की. बैठक में शहर से जुड़े विभिन्न विकासात्मक, आर्थिक एवं नागरिक सुविधाओं से संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई.
बैठक में स्वच्छता व्यवस्था, प्रधानमंत्री आवास योजना, ई-बस सार्वजनिक परिवहन सेवा, महानगरपालिका की आर्थिक स्थिति, संपत्ति कर वसूली, नई प्रशासकीय इमारत, जोन कार्यालयों की कार्यप्रणाली, ट्रांसपोर्ट नगर में नई मार्केट की स्थापना तथा बडनेरा स्थित सोमवार बाजार में नई बाजारपेठ विकसित करने जैसे मुद्दों की समीक्षा की गई. महापौर श्रीचंद तेजवाणी ने प्रत्येक विषय पर संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली. उन्होंने निर्देश दिए कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था अधिक प्रभावी ढंग से लागू की जाए. कचरा संग्रहण, वर्गीकरण एवं निस्तारण की नियमित निगरानी रखी जाए ताकि स्वच्छता को लेकर कोई शिकायत न रहे.
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत सभी प्रकल्प समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं तथा पात्र लाभार्थियों को शीघ्र घरों का कब्जा दिया जाए. लंबित प्रकरणों का तत्काल निपटारा करने के भी निर्देश दिए गए. ई-बस सेवा को अधिक नागरिक-अनुकूल एवं पर्यावरण हितैषी बनाने के लिए मार्गों का सुव्यवस्थित नियोजन करने पर जोर दिया गया. महानगरपालिका की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के लिए खर्च पर नियंत्रण और आय के स्रोत बढ़ाने की योजना बनाने के निर्देश दिए गए. संपत्ति कर की बकाया वसूली प्रभावी रूप से करने तथा नागरिकों को सुविधाजनक व्यवस्था देकर कर भुगतान के लिए प्रोत्साहित करने की बात कही गई. महानगरपालिका की नई इमारत के निर्माण कार्य को गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए. जोन कार्यालयों का कामकाज अधिक गतिशील और नागरिक-केंद्रित बनाने तथा शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया. ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में नई बाजारपेठ की स्थापना और बडनेरा के सोमवार बाजार में आधुनिक मार्केट विकसित करने के लिए विस्तृत योजना तैयार कर शीघ्र अमल में लाने के निर्देश दिए गए. महापौर ने सभी विभागों को नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के स्पष्ट निर्देश दिए. बैठक में उपमहापौर सचिन भेंडे, महानगरपालिका आयुक्त सौम्या शर्मा चांडक, गटनेता चेतन गावंडे, अविनाश मार्डीकर, नाना आमले, राजेंद्र तायडे, अतिरिक्त आयुक्त महेश देशमुख, शिल्पा नाईक, उपायुक्त योगेश पिठे, नरेंद्र वानखड़े, वैद्यकीय स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विशाल काले, डॉ. अजय जाधव, सहायक नगर रचनाकार कांचन भावे, शिक्षणाधिकारी डॉ. प्रकाश मेश्राम, सहायक आयुक्त भूषण पुसतकर, मालमत्ता अधिकारी सचिन मांडवे सहित मनपा के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.





