काटआमला में ‘गांवभेट’ कार्यक्रम को उत्स्फूर्त प्रतिसाद

ग्रामीणों की समस्याओं पर प्रशासन का सीधा संवाद

अमरावती/दि.13 – शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को गांव स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने तथा प्रशासन को सीधे जनता के द्वार तक ले जाने के उद्देश्य से पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के निर्देशानुसार ‘गांवभेट’ उपक्रम चलाया जा रहा है. इसी क्रम में अमरावती तहसील के काटआमला गांव में ‘गांवभेट’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जिला कलेक्टर आशिष येरेकर की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं.
कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच श्रीमती प्रज्ज्वल मिलके ने की. इस अवसर पर प्रा. अनिरुद्ध पाटील ने महिलाओं की समस्याओं एवं कानूनी विषयों पर मार्गदर्शन दिया, जबकि कृषि विशेषज्ञ प्रा. आर. के. पाटील ने किसानों से संवाद कर खेती संबंधी सुझाव दिए. कार्यक्रम में उपविभागीय अधिकारी अनिल भटकर, तहसीलदार विजय लोखंडे, सुनील राणा, नायब तहसीलदार सुनील रासेकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.
कार्यक्रम की शुरुआत वृक्षदिंडी से हुई. मान्यवरों के हाथों वृक्षारोपण किया गया तथा इसके बाद गांव में ‘शिवार फेरी’ निकाली गई. प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पूर्ण हुए घरों का निरीक्षण किया गया. साथ ही मुख्यमंत्री बळीराजा शेत पाणंद रस्ता योजना के तहत अवरुद्ध पाणंद मार्ग को भी मुक्त कराया गया. सभा में ग्रामीणों की विभिन्न मांगों एवं शिकायतों को सुना गया. अधिकारियों ने समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सकारात्मक भूमिका अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया. विद्यालय के बाल कलाकारों ने पर्यावरण संरक्षण, ‘पानी अडवा-पानी जिरवा’ एवं वृक्षारोपण विषयों पर लघु नाटक प्रस्तुत कर जनजागरण किया. शासन और ग्रामीणों के बीच संवाद को मजबूत बनाने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ‘गांवभेट’ कार्यक्रम को उपयोगी पहल बताया जा रहा है.

Back to top button