नकलमुक्त परीक्षा के लिए राज्य शिक्षा बोर्ड तैयार

परीक्षा केंद्रों के आस-पास झेरॉक्स की दुकाने रहेगी बंद

* संवेदनशील केंद्रों पर रहेगी उडनदस्तों की निगाह
अमरावती /दि.10 – राज्य में 10 वीं और 12 वीं की परिक्षाएं नकल-मुक्त, पारदर्शी और तनाव-मुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए राज्य माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल ने इस वर्ष कडी प्रशासनिक व्यवस्था की है. परीक्षा केंद्रों के पास होनेवाली गडबडियों पर रोक लगाने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र के 500 मीटर के दायरे में स्थित सभी झेरॉक्स की दुकाने परीक्षा के समय बंद रखने का निर्णय लिया गया है. इस निर्णय का क्रियान्वयन पुलिस की मदद से किया जाएगा.
प्रश्न पत्रिका लिक होना, नकल सामग्री का आदान-प्रदान या बाहर से मदद पहुंचाने जैसे मामलों को रोकने के लिए यह कदम उठाए गए हैं. परीक्षा मंडल के निर्देशों के अनुसार जिला स्तर पर प्रशासन को झेरॉक्स दुकाने बंद रखने के स्पष्ट आदेश दिए गए है. संदिग्ध गतिविधियों पर भी कडी नजर रखी जाएगी. परीक्षा के पूरी प्रक्रिया पर नियंत्रण रखने के लिए शिक्षा आयुक्त की अध्यक्षता में एक स्वतंत्र राज्य-स्तरिय सतर्कता समिति का गठन किया गया है. इसमें सभी परीक्षा क्षेत्रों के विशेष पुलिस अधिकारी शामिल रहेंगे और उनके मार्गदर्शन में जिला-स्तरिय टीमे कार्यरत रहेगी.
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी पथक प्रत्येक केंद्र पर आवश्यक सुविधाओं और सीसीटीवी के कार्यरत होने की जांच करेंगे. संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा. ऐसे केंद्रों पर सीसीटीवी रिकॉर्डींग के साथ-साथ ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी तथा जिला प्रशासन के नियंत्रण कक्ष से सीधा निरीक्षण किया जाएगा. प्रश्न पत्रिकाओं के परिवहन और उत्तर पत्रिकाओं के संकलन के लिए शासकीय वाहनों का उपयोग अनिवार्य किया गया है और पुलिस बंदोबस्त भी तैनात रहेगा. इसके अलावा अचानक जांच के लिए उडनदस्ते और स्थायी पथक नियुक्त किए जाएंगे. जिनमें कम से कम एक महिला प्रतिनिधि का होना अनिवार्य रहेगा. बाहरी हस्तक्षेप रोकने के लिए भी आवश्यक निर्देश दिए गए है.

* नकल करते पाए जाने पर गैर-जमानती अपराध होंगे दर्ज
गैर प्रकारों पर अंकुश लगाने के लिए महाराष्ट्र प्रतिबंधक गैर प्रकार अधिनियम, 1982 का सख्ती से पालन किया जाएगा. नकल या अन्य किसी भी प्रकार के गैर प्रकार करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ संज्ञेय एवं गैर-जमानती अपराध दर्ज किए जाएंगे. प्रशासन ने विश्वास जताया है कि, मंडल द्वारा की गई समग्र उपाययोजनाओं के कारण इस वर्ष की परिक्षाएं अधिक अनुशासित और नकल-मुक्त वातावरण में संपन्न होगी.

 

Back to top button