रेडियोथेरेपी यूनिट के लिए राज्य सरकार ने दी मंजूरी
पालकमंत्री बावनकुले के प्रयास सफल

अमरावती /दि.17 – स्थानीय विभागीय संदर्भ सेवा (सुपर स्पेशालिटी) अस्पताल में कैंसर के उपचार के लिए रेडियोथेरेपी यूनिट व डे- केयर व किमोथेरेपी स्वास्थ्य सेवा यह निजी भागीदारी (पीपीपी) तत्व पर चलाने के लिए राज्य सरकार की मंजूरी मिली है. इसके लिए जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने विशेष तौर पर प्रयास किए थे. जो सफल रहे.
24 जनवरी को संपन्न हुई जिला नियोजन की बैठक में भी इस संदर्भ में प्रस्ताव जिला शल्य चिकित्सक विभाग को दिया गया था. सरकार की मान्यता की वजह से अब गरीब परिवार के कैंसर के मरीजों को अमररावती में ही उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी. इससे पूर्व राज्य सरकार ने साल 2023- 24 में 132 करोड की निधि को प्रशासकीय मंजूरी दी थी. लेकिन कुछ तकनीकी कारणों की वजह से और निधि उपलब्ध न होने से यह काम रूक गया था.
अब राज्य सरकार ने इस प्रकल्प को निजी भागीदारी से चलाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है. जिसकी वजह से राज्य सरकार पर आर्थिक भार न पडते हुए मरीजों को अत्याधुनिक उपचार मिलेगा. पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले जिले के स्वास्थ्य की दृष्टि से अनेक निर्णय ले रहे हैं. कैंसर के मरीजों के लिए महात्मा फुले जन आरोग्य योजना और आयुष्यमान भारत योजना अंतर्गत मुफ्त उपचार का लाभ मरीजों को दिया जायेगा. जिसकी वजह से अब मुंबई, नागपुर, पुणे जैसे बडे शहरों में मरीजों को उपचार के लिए जाने की आवश्यकता नहीं पडेगी.