शहर में 1 मार्च तक राज्यस्तरीय खादी महोत्सव
20 फरवरी से शुरु हुआ आयोजन

* खादी प्रदर्शनी के साथ ही खादी फैशन शो भी
* गाडगेबाबा समाधि स्थल के प्रांगण पर चल रही प्रदर्शनी
अमरावती/दि.27 – खादी व ग्रामोद्योग आयोग द्वारा विगत 20 फरवरी से स्थानीय गाडगे नगर परिसर में संत गाडगेबाबा समाधि स्थल के सामने स्थित यात्रा मैदान में राज्यस्तरीय खादी प्रदर्शनी व महोत्सव का आयोजन किया गया है. जिसमें देशभर से उत्कृष्ठ उत्पादों के प्रचार-प्रसार व विक्री हेतु स्टॉल लगाए गए है. यह आयोजन आगामी रविवार 1 मार्च तक चलता रहेगा. उक्ताशय की जानकारी देते हुए खादी व ग्रामोद्योग आयोग द्वारा कहा गया कि, अमरावती शहर सहित जिला वासियों के लिए इस प्रदर्शनी महोत्सव में शामिल होकर खादी व ग्रामोद्योग के उत्पादों की खरीददारी हेतु सीमित समय उपलब्ध है.
यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति में आयोग की ओर से बताया गया कि, प्रदर्शनी में ग्रामीण परिवेश गांधी विचारधारा व देश भक्ति की पृष्ठभूमि पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन 24 से 27 फरवरी तक किया गया. साथ ही 26 फरवरी को आयोजित खादी फैशन-शो में मॉडल्स के जरिए नए-नए डिजाइन वाले खादी वस्त्रों को प्रदर्शित किया गया. साथ ही आज 27 फरवरी को शाम 7 से 9 बजे तक आयोजन के तहत प्रोफेशनल कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक नृत्य कार्यक्रम की प्रस्तुती दी जाएगी.





