बुजूर्ग महिला पर आवारा सांड का हमला
हमले से महिला बेहोश, स्थिति गंभीर

नागपुर/दि.26 – शहर में सडकों पर आवारा घुमनेवाले जानवर आम नागरिकों के लिए कितने खतरनाक साबित हो सकते है, यह साबित करनेवाली एक घटना हाल ही में घटित हुई थी. जब एक आवारा सांड के हमले में 64 वर्षीय बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं थी और वह महिला पिछले एक महीने से बेहोशी की हालत में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही हैं. इस घटना के बाद नागरिकों में महानगरपालिका प्रशासन के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार वंदना देवीकर (64) पर 27 जनवरी की सुबह करीब साढ़े सात बजे उस समय हमला हुआ, जब वे अपने घर के सामने सफाई कर रही थीं. गली में लोगों की आवाजाही कम होने का फायदा उठाते हुए अचानक एक आवारा सांड ने उन पर हमला कर दिया. हमला इतना भयावह था कि महिला गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ीं. हमले में वंदना देवीकर के शरीर की कई हड्डियां टूट गईं, छाती की पसलियां क्षतिग्रस्त हो गईं और सिर पर गंभीर चोट लगने से मस्तिष्क को गहरा नुकसान पहुंचा. उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां लगभग तीन सप्ताह तक आईसीयू में उनका इलाज चला.
डॉक्टरों द्वारा जटिल मस्तिष्क शल्यक्रिया किए जाने के बावजूद अब तक उन्हें होश नहीं आया है. वर्तमान में परिवार ने उन्हें घर पर ही चिकित्सकीय उपकरणों और कृत्रिम ऑक्सीजन सहायता के सहारे रखा हुआ है. परिजनों के अनुसार इलाज पर अब तक लाखों रुपये खर्च हो चुके हैं, लेकिन अंदरूनी चोटें गंभीर होने के कारण उनकी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया है. महिला पूरी तरह बिस्तर पर हैं और किसी प्रकार की प्रतिक्रिया देने की स्थिति में नहीं हैं.
परिवार का आरोप है कि घटना को लगभग एक महीना बीत जाने के बावजूद महानगरपालिका प्रशासन का कोई भी अधिकारी हालचाल जानने तक नहीं पहुंचा. सबसे चिंताजनक बात यह है कि जिस इलाके में हमला हुआ था, वहां आज भी आवारा सांड खुलेआम घूम रहा है, जिससे स्थानीय नागरिकों में भय का माहौल बना हुआ है.
* आवारा पशुओं की समस्या बनी गंभीर चुनौती
शहर में लगातार बढ़ रही आवारा पशुओं की समस्या को लेकर नागरिक लंबे समय से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर सड़कों पर घूम रहे खतरनाक पशुओं से लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम कब उठाए जाएंगे. स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर ऐसे पशुओं को पकड़ने और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने की मांग की है.





