आय बढाने बकाया संपत्ति कर वसूली के लिए उठाए जायेंगे सख्त कदम
साफ-सफाई व मूलभूत सुविधा को रहेगी प्राथमिकता

* नई मनपा आयुक्त वर्षा लढ्ढा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा
अमरावती/ दि.6 – नवनियुक्त अमरावती मनपा आयुक्त वर्षा लढ्ढा ने रविवार की शाम पदभार संभालने के बाद आज पहले दिन पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि शहर की स्वच्छता को लेकर उनकी प्राथमिकता रहेगी. साथ ही आय बढाने के लिए बकाया संपत्ति कर की वसूली के लिए सख्त कदम उठाए जायेंगे.
नई मनपा आयुक्त वर्षा लढ्ढा ने सोमवार को दोपहर में आयोजित पत्रकार परिषद में कहा कि उन्होंने रविवार की शाम कार्यभार संभाला है और वे वर्तमान में शहर की स्थितियों का अध्ययन कर रही है. उन्होंने शहर की स्वच्छता को अपनी शीर्ष प्राथमिकता बताया. उन्होंने कहा कि कचरा प्रबंधन केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है. इसमें नागरिकों को सहयोग भी अनिवार्य है. आज पहले ही दिन उन्होंने लोकशाही दिन पर उपस्थित रहकर जो अवलोकन किया, उसमें अतिक्रमण के मामले ज्यादा थे. उन्होंने कहा कि ऐसी शिकायतों में कोई तथ्य होगा तो निर्णय भी तत्काल लिया जायेगा. लेकिन बेवजह ऐसी शिकायतों पर पहले समीक्षा की जायेगी. पत्रकारों द्बारा शहर में बढते अतिक्रमण और पार्किंग की समस्या पर उन्होंने कहा कि यह चिंता का विषय है. इस पर वे उचित कार्रवाई करेगी. मनपा की आय बढाने के मुद्दे पर भी उन्होंने गंभीरता से कहा कि मनपा की आय बढाना जरूरी है. शहर के बडे मॉल, अस्पताल और सरकारी इमारतों पर बकाया संपत्ति कर वसूली के लिए सख्त कदम उठाए जायेंगे.
बायोमायनिंग और विवादित निविदाओं के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि पहले पूरी फाइल और स्वच्छता समिति की रिपोर्ट देखी जायेगी. उसके बाद कोई निर्णय लिया जायेगा. उन्होंने मनपा के अधिकारियों और कर्मचारियोे को अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए तथा जनता के काम समय पर हो सके. वर्षा लढ्ढा ने पत्रकारों से अनुरोध किया कि किसी भी संवेदनशील मुद्दे पर खबर चलाने से पूर्व प्रशासन से तथ्यों की पुष्टि जरूर करें ताकि भ्रामक जानकारी न फैले. उन्होंने अमरावती शहर को प्रदूषणमुक्त करने के लिए नागरिकों का साथ जरूरी बताया. साथ ही मनपा के संकुलों का किराया बढाने को लेकर भी अधिकारियों से चर्चा कर निर्णय लेने की बात कही.





