अमरावती में स्वच्छता को लेकर सख्ती, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

स्वास्थ्य निरीक्षकों को प्रभागों में देनी होगी भेंट

अमरावती/दि.14 – अमरावती महानगरपालिका क्षेत्र में स्वच्छता, स्वास्थ्य और अनुशासित प्रशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया है. महापौर श्रीचंद तेजवाणी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी स्वास्थ्य निरीक्षकों के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी.
महापौर ने निर्देश दिया कि प्रत्येक प्रभाग के स्वास्थ्य निरीक्षक रोजाना क्षेत्र का दौरा कर सड़कों, नालों, सार्वजनिक स्थानों और कचरा संकलन केंद्रों की सफाई व्यवस्था की जांच करें और नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत करें. नागरिकों को गंदगी से परेशानी न हो, इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी. उन्होंने कहा कि नगरसेवकों या नागरिकों से स्वच्छता संबंधी कोई भी शिकायत मिलने पर उसका तुरंत निस्तारण किया जाए. शिकायतों को लंबित रखना या नजरअंदाज करना स्वीकार नहीं किया जाएगा. किसी निरीक्षक के खिलाफ शिकायत मिलने पर सीधे कार्रवाई की जाएगी.
* जनसहभागिता पर जोर
महापौर ने नागरिकों से अपील की है कि वे कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और स्वच्छता नियमों का पालन करें. नगरसेवकों को अपने-अपने प्रभाग में जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं.
* 16 फरवरी से करेंगे निरीक्षण
महापौर श्रीचंद तेजवाणी 16 फरवरी से प्रतिदिन सुबह 8 से 10 बजे तक मोटरसाइकिल से अमरावती शहर के विभिन्न प्रभागों का दौरा करेंगे. इस दौरान वे सफाई कार्यों की समीक्षा कर मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश देंगे. महापौर ने कहा कि उनके कार्यकाल में स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी और शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के लिए प्रशासन और नागरिकों का सहयोग आवश्यक है.

Back to top button