फीस न भरने पर छात्र को परीक्षा से रोका?

धारणी की स्कूल पर गंभीर आरोप, पालको में तीव्र रोष

* गटशिक्षाधिकारी के पास दर्ज की गई लिखित शिकायत
धारणी/ दि. 6 – धारणी तहसील के मोड फॉर स्कूल में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां फीस जमा न होने के कारण एक छात्र को कक्षा से बाहर निकालने और परीक्षा देने से रोकने का आरोप लगाया गया है. इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में नाराजगी का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, छात्र हार्दिक डांगे को स्कूल प्रबंधन ने फीस जमा न होने का हवाला देते हुए कक्षा से बाहर कर दिया और उसे परीक्षा का पेपर देने से भी रोक दिया. बताया जा रहा है कि छात्र के पिता मंगेश डांगे को स्कूल में बुलाकर साफ कहा गया कि फीस जमा किए बिना बच्चे को कक्षा में बैठने या परीक्षा देने की अनुमति नहीं दी जाएगी. इस मामले को लेकर परिजनों ने इसे छात्र के शिक्षा के अधिकार का उल्लंघन बताया है. फीस के कारण किसी विद्यार्थी को पढ़ाई और परीक्षा से वंचित करना नियमों के खिलाफ माना जा रहा है.
मामले की जानकारी मिलने के बाद अभिभावकों ने मानवाधिकार संगठन के तहसील अध्यक्ष कार्तिक ठाकरे से संपर्क किया. इसके बाद यह मामला सामाजिक कार्यकर्ता प्रवीण सदाफळे तक पहुंचा. सदाफले ने तुरंत शिक्षा विभाग के अधिकारी वैभव लादे को इसकी सूचना दी. सूचना मिलने के बाद शिक्षा विभाग की ओर से जांच के लिए एक टीम भेजे जाने की जानकारी सामने आई है. साथ ही इस संबंध में पंचायत समिति धारणी के गट शिक्षण अधिकारी के पास लिखित शिकायत भी दर्ज कराई गई है.
अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि छात्र को तुरंत न्याय दिया जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाए. फिलहाल पूरे क्षेत्र की नजर अब जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है.

Back to top button