विद्यार्थी वाहन और बुलेट की टक्कर, एक की मौत, चार छात्र घायल

बुलढाणा-देऊलघाट मार्ग पर हादसा; घायल छात्रों का जिला अस्पताल में इलाज जारी

बुलढाणा /दि.17- बुलढाणा-देऊलघाट मार्ग पर सोमवार शाम छात्र परिवहन कर रहे एक पिकअप वाहन और तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना निवांत होटल परिसर के पास हुई.
जानकारी के अनुसार, देऊलघाट के छात्र बुलढाणा शहर की विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं में पढ़ाई करते हैं. बस स्थानक स्कूलों से दूर होने और शहर बस सेवा उपलब्ध न होने के कारण कुछ वाहन चालक विद्यार्थियों को सीधे स्कूल से उनके गांव तक पहुंचाने का कार्य करते हैं. सोमवार को ऐसा ही एक पिकअप वाहन आठ विद्यार्थियों को लेकर देऊलघाट की ओर जा रहा था, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बुलेट से उसकी टक्कर हो गई.
हादसे में बुलेट सवार रियाज बेग जफर बेग (38, निवासी देऊलघाट) और मोहम्मद तौसिफ मोहम्मद युसुफ (38, निवासी शेंदुर्णी, जामनेर, जिला जळगांव) गंभीर रूप से घायल हो गए. इनमें से मोहम्मद तौसिफ की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई. बताया गया है कि वह अपने मामा से मिलने देऊलघाट आया था. दुर्घटना में पिकअप वाहन में सवार छात्र महेश गणेश कानडे, रुद्र गजानन कटक, राजश्री शिवा मालोदे और शेजल शंकर कटक घायल हो गए. सभी घायलों को बुलढाणा जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अस्पताल सूत्रों के अनुसार घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही बुलढाणा शहर थाना प्रभारी रविंद्र राठोड़ अपने दल के साथ अस्पताल पहुंचे. हादसे की खबर मिलते ही चिंतित अभिभावकों की अस्पताल में भारी भीड़ उमड़ पड़ी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Back to top button