रवि राणा के निर्देश पर गोपाल नगर अंडरपास का सुनील राणा ने किया निरीक्षण

अधूरे कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश

* नगरसेविका सुमती ढोके, रेलवे के ठेकेदार हुसैन समेत अन्य अधिकारी रहे उपस्थित
अमरावती/दि.24 – विधायक रवि राणा के निर्देशानुसार गोपाल नगर स्थित अंडरपास पुल के निर्माण कार्य का निरीक्षण युवा स्वाभिमान पार्टी के मार्गदर्शक सुनील राणा ने मौके पर पहुंचकर किया. इस दौरान नगरसेविका सुमती ढोके, रेलवे विभाग के ठेकेदार हुसैन, संबंधित रेलवे अधिकारी तथा महानगरपालिका के अधिकारी उपस्थित रहे.
गोपाल नगर क्षेत्र के नागरिकों द्वारा अंडरपास पुल के अधूरे कार्यों को लेकर लगातार शिकायतें की जा रही थीं. विशेष रूप से पुल के किनारे स्थित पहुंच मार्ग, अंडरग्राउंड विद्युत केबल बिछाने का कार्य, साइड नालियों का निर्माण तथा बरसात में पानी भरने की समस्या को लेकर नागरिकों में नाराजगी थी. इन्हीं शिकायतों के मद्देनज़र निरीक्षण किया गया. सुनील राणा ने संबंधित अधिकारियों से कार्य की विस्तृत जानकारी ली और शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि पहुंच मार्ग को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित तरीके से तैयार किया जाए, अंडरग्राउंड विद्युत केबल का कार्य समयसीमा में पूरा हो तथा साइड नालियों का निर्माण गुणवत्ता के साथ कर बरसात से पहले पूर्ण किया जाए. कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, ऐसा भी उन्होंने स्पष्ट किया.
नगरसेविका सुमती ढोके ने स्थानीय नागरिकों की समस्याएं रखते हुए अंडरपास क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और यातायात सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय करने की मांग की. रेलवे अधिकारियों ने कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करने का आश्वासन दिया. निरीक्षण के बाद नागरिकों ने उम्मीद जताई कि गोपाल नगर अंडरपास का लंबित कार्य अब तेजी से पूरा होगा. युवा स्वाभिमान पार्टी की ओर से विकास कार्यों पर सतत निगरानी रखने और नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध रहने की बात कही गई. इस अवसर पर इंद्रजीत नागदिवे, प्रशांत कावरे, मनोज जोशी, जीवन बनारसे, मनोज काले, जगदीश सहारे, अतुल नांदुरकर सहित क्षेत्र के अनेक नागरिक उपस्थित थे.

Back to top button