सुपार्श्व वॉरियर्स बने -एजेसीएल क्रिकेट लीग के चैंपियन

6 में से 6 मुकाबले जीतकर रचा इतिहास

अमरावती/दि.3 – सकल दिगंबर जैन समाज की ओर से पहली बार आयोजित एजेसीएल (ऑल जैन क्रिकेट लीग) में साई नगर स्थित सुपार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर की टीम सुपार्श्व वॉरियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब पर कब्जा जमाया. टीम ने फाइनल मुकाबला 29 रनों से जीतकर लीग की निर्विवाद चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया.
इस लीग का आयोजन पहली बार टर्फ क्रिकेट के रूप में किया गया था. पुरुष वर्ग में 12 टीमें जबकि महिला वर्ग में 5 टीमों ने भाग लिया. पुरुष वर्ग में सुपार्श्व वॉरियर्स ने लीग चरण में अपने 5 में से 5 मुकाबले जीतकर फाइनल में प्रवेश किया. फाइनल मुकाबला सुपार्श्व वॉरियर्स बनाम बघेरवाल ब्लास्टर्स के बीच बेहद रोमांचक रहा. पहले बल्लेबाजी करते हुए सुपार्श्व वॉरियर्स ने 8 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 184 रन बनाए. लक्ष्य का पीछा करते हुए बघेरवाल ब्लास्टर्स की टीम 8 ओवर में 6 विकेट खोकर 155 रन ही बना सकी. इस तरह सुपार्श्व वॉरियर्स ने 29 रनों से शानदार जीत दर्ज कर पहली -एजेसीएल लीग का खिताब अपने नाम किया.
पूरे टूर्नामेंट में सुपार्श्व वॉरियर्स ने 6 में से 6 मुकाबले जीतकर खुद को लीग की सबसे मजबूत टीम साबित किया. इस रोमांचक फाइनल में पार्थ गोरे को मैन ऑफ द मैच, मिथिलेश बंड को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज तथा वेदांत काले को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज के पुरस्कार से सम्मानित किया गया. सुपार्श्व वॉरियर्स टीम के कप्तान विवेक फुलंबरकर सहित शशांक चवरे, अमोल पापडकर, समीर विटालकर, हेमंत बोरीकर, जीवन गोरे, पार्थ गोरे, मिथिलेश बंड और वेदांत कालेे के उत्कृष्ट प्रदर्शन की दिगंबर जैन समाज द्वारा सराहना की जा रही है.
महिला वर्ग में भी 5 टीमों ने भाग लिया, जिसमें साई नगर की सुपार्श्व चैलेंजर्स टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए 5 में से 4 मुकाबले जीतकर फाइनल में प्रवेश किया और उपविजेता बनी. -एजेसीएल क्रिकेट लीग का सफल आयोजन सुजल जैन, रितेश जैन, भावेश जैन, कुशल दर्यापुरकर, निलेश कलमकर, स्वप्नील सिंघई और रोहन देवलसी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ.

Back to top button