बारामती उपचुनाव में समर्थन दें
सुनेत्रा पवार का उध्दव ठाकरे को फोन

* राजनीतिक हलचल तेज
मुंबई / दि.4- बारामती और राहुरी विधानसभा उपचुनाव की पृष्ठभूमि में राज्य की राजनीतिक गतिविधियां तेज होती दिखाई दे रही हैं. बारामती का उपचुनाव निर्विरोध हो, इसके लिए महायुति प्रयास कर रही है, लेकिन महाविकास आघाड़ी में कांग्रेस और उद्धव सेना विरोध में उम्मीदवार देने पर विचार कर रहे हैं. कांग्रेस ने तो उम्मीदवारों के इंटरव्यू भी लिए हैं. इसी बीच उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने ठाकरे गुट के प्रमुख उद्धव ठाकरे को फोन कर समर्थन देने की अपील की है, ऐसी खबर है.
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की अध्यक्षा और राज्य की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने उद्धव सेना के प्रमुख उद्धव ठाकरे को फोन किया है, ऐसा समझा जाता है. सुनेत्रा पवार ने उद्धव ठाकरे से बारामती विधानसभा उपचुनाव में समर्थन देने की अपील की है, ऐसा कहा जा रहा है. कांग्रेस पार्टी भले ही बारामती चुनाव लड़ने पर अड़ी हो, लेकिन कांग्रेस नेताओं का समर्थन पाने के लिए भी सुनेत्रा पवार प्रयास करेंगी, ऐसा बताया जा रहा है.
इस बीच बारामती उपचुनाव को निर्विरोध कराने के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस के प्रयास शुरू हो गए हैं। राहुरी और बारामती के लिए 23 अप्रैल को मतदान होगा और मतगणना 4 मई को होगी. बारामती उपचुनाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस शरद पवार गुट ने सुनेत्रा पवार को समर्थन दिया है. पार्टी की नेता सुप्रिया सुले ने उम्मीदवार न देने की भूमिका घोषित की है.





