राष्ट्रवादी के विलय पर सुप्रिया सुले ने दिए बड़े संकेत

राजनीतिक हलचल तेज, सुनेत्रा पवार के अगले कदम पर टिकी निगाहें

पुणे/मुंबई/दि.19 – महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस के संभावित विलय को लेकर चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं. सांसद सुप्रिया सुले ने दोनों गुटों के साथ काम करने की इच्छा जताते हुए अहम बयान दिया है, जिससे सियासी गलियारों में नई अटकलें शुरू हो गई हैं. वहीं सुनेत्रा पवार के आगे की राजनीतिक भूमिका पर भी नजरें टिक गई हैं. मीडिया से बातचीत में सुप्रिया सुले ने कहा कि दोनों राष्ट्रवादी गुटों को साथ काम करना चाहिए और यह इच्छा पहले भी थी, आज भी है और आगे भी रहेगी. हालांकि उन्होंने फिलहाल इस विषय पर चर्चा को विराम देने के संकेत दिए. उन्होंने कहा कि बड़े नेताओं के खिलाफ सार्वजनिक बयानबाजी उन्हें पसंद नहीं और कई बातों का सच सभी जानते हैं. इस बयान को विलय के लिए दरवाजा खुला रखने लेकिन तत्काल निर्णय से दूरी बनाने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है.
इसके अलावा सांसद सुप्रिया सुले ने विधायक रोहित पवार के लिए सरकारी सुरक्षा की मांग भी की. उन्होंने कहा कि रोहित पवार लगातार मुद्दे उठा रहे हैं और कई लोगों को उनकी चिंता है, इसलिए सरकार को उन्हें सुरक्षा उपलब्ध करानी चाहिए. सुप्रिया सुले ने हालिया विमान दुर्घटना मामले में संसद में उच्चस्तरीय जांच की मांग दोहराई और कहा कि पारदर्शी जानकारी मिलने तक उनकी मांग जारी रहेगी. सुप्रिया सुले का बयान सीधे विलय की घोषणा नहीं है, लेकिन संवाद का रास्ता खुला रखने का संकेत माना जा रहा है. यदि दोनों गुटों में सहमति बनी तो महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा पुनर्गठन देखने को मिल सकता है.
* बैठकों की चर्चा, पर नेताओं की चुप्पी
इधर अजित पवार और जयंत पाटिल के बीच बैठकों को लेकर कई खबरें सामने आईं, लेकिन दूसरे गुट के नेताओं ने इस पर खुलकर प्रतिक्रिया देने से परहेज किया. सूत्रों के अनुसार स्थानीय निकाय चुनाव साथ लड़ने और कुछ नेताओं को महत्वपूर्ण पद देने जैसे प्रस्ताव भी चर्चा में रहे.

Back to top button