स्वयंम योजना का अनुदान और छात्रों का भत्ता रुका

युवक कांग्रेस का आंदोलन का अल्टीमेटम

युवक कांग्रेस का आंदोलन का अल्टीमेटम
* 7 दिन में भुगतान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन की चेतावनी
अमरावती/दि.30 – जिले में आदिवासी और पिछड़ा वर्ग के छात्रों को मिलने वाली ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्वयंम योजना’ का बकाया अनुदान तथा सरकारी वसतिगृहों में रहने वाले छात्रों का निर्वाह भत्ता लंबित होने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. इस गंभीर मुद्दे को लेकर अमरावती जिला युवक कांग्रेस ने जिलाधिकारी को निवेदन सौंपकर तत्काल निधि वितरण की मांग की है.
युवक कांग्रेस ने कहा कि सरकार ‘आदिवासी जनहिताय’ की बात करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर सैकड़ों आदिवासी और पिछड़े वर्ग के छात्र योजना के लाभ से वंचित हैं. खासतौर पर वे छात्र जिन्हें सरकारी वसतिगृह में प्रवेश नहीं मिला, उनके सामने रहने, भोजन और शिक्षा जारी रखने का संकट खड़ा हो गया है. निवेदन में बताया गया कि समय पर अनुदान न मिलने से कई छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले ये छात्र अब पढ़ाई छोड़ने की कगार पर हैं. युवक कांग्रेस ने कहा कि केवल कागजों पर योजनाएं चलाने से आदिवासी विकास संभव नहीं है, बल्कि समय पर निधि वितरण जरूरी है.
इस ज्ञापन में यह भी कहा गया कि, जिले के शासकीय मागासवर्गीय वसतिगृहों में रहने वाले छात्रों को मिलने वाला निर्वाह भत्ता भी अब तक वितरित नहीं किया गया है. बढ़ती महंगाई के दौर में यह भत्ता छात्रों के लिए जीवनरेखा जैसा है, लेकिन इसके अभाव में उनकी स्थिति और कठिन हो गई है.
युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राहुल येवले के नेतृत्व में युवक कांग्रेस ने सरकार और आदिवासी विकास विभाग को चेतावनी दी है कि यदि 7 दिनों के भीतर छात्रों के खातों में बकाया अनुदान और भत्ता जमा नहीं किया गया, तो जिले में तीव्र और व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा. युवक कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि आंदोलन की स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी परिस्थिति के लिए शासन और प्रशासन जिम्मेदार होगा. संगठन ने जिलाधिकारी से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर छात्रों को न्याय दिलाने की मांग की है.
इस अवसर पर युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राहुल येवले व कार्याध्यक्ष अनिकेत ढेंगले व उत्कर्ष देशमुख, प्रदेश महासचिव रितेश पांडव, तिवसा तहसील अध्यक्ष शैलेश कालबांडे, एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष सर्वेश खाडे तथा श्रीनेत राउत, संदीप मुंडे, अर्जुन इवनाते, रोशन वाडोकार, अंकुश जूनघरे, केतन इतनारे, चेतन याउल, सनी काने, अनिकेत भावरे, चेतन कासदेकर सहित युवक कांग्रेस और एनएसयूआई के कई पदाधिकारी उपस्थित थे.

Back to top button