आपसी परिचय का फायदा उठाकर लाखों की जालसाजी
326 ग्राम सोने के आभूषण हडप लिए

* सराफा व्यवसायी मुकेश ठोसर के खिलाफ मामला दर्ज
अमरावती/दि.7- स्थानीय दस्तुर नगर निवासी संतोष शितलाप्रसाद मिश्रा द्वारा खोलापुरी गेट पुलिस थाने में अपराधिक मामला दर्ज कराते हुए बताया गया कि, उनके परिचय में रहनेवाले सराफा व्यवसायी मुकेश ठोसर ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर उनसे जालसाजी की है और 326 ग्राम सोने के आभूषण हडप लिए है. इस शिकायत के आधार पर खोलापुरी गेट पुलिस ने मुकेश ठोसर तथा एक महिला को नामजद करते हुए मामले की जांच करनी शुरु की है.
इस संदर्भ में संतोष मिश्रा द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक वे अपने परिवार सहित हमेशा ही मुकेश ठोसर की सराफा दुकान से सोने-चांदी की खरीददारी व विक्री किया करते थे और इस लेन-देन के चलते उनके बीच काफी घरेलू संबंध बन गए थे और दोनों का एक-दूसरे पर अच्छा-खासा विश्वास भी था. कुछ समय पहले संतोष मिश्रा को अपने पास रहनेवाले सोने-चांदी के आभूषण बैंक लॉकर में रखने थे और उन्होंने यह बात मुकेश ठोसर को बातों ही बातों में बताई थी. जिसके बाद मुकेश ठोसर ने संतोष मिश्रा से कहा कि, वह अपनी पत्नी के साथ मिलकर एक लेआऊट डालना चाहता है. जिसके लिए उसे पैसों की सख्त जरुरत है. ऐसे में यदि संतोष मिश्रा अपने पास रहनेवाले आभूषण उसे यानि मुकेश ठोसर को देते है, तो इसके बदले में मुकेश ठोसर हर महिने ब्याज के तौर पर 20 हजार रुपए संतोष मिश्रा को अदा करेगा. इस बात पर भरोसा करते हुए संतोष मिश्रा ने अपने पास रहनेवाले 326 ग्राम सोने के आभूषण बडे विश्वास के साथ मुकेश ठोसर के सुपूर्द किए. जिसके बाद अगले तीन महिने तक मुकेश ठोसर ने 20 हजार रुपए प्रति माह के हिसाब से संतोष मिश्रा को 60 हजार रुपए अदा किए. लेकिन बाद में पैसों की तंगी रहने की वजह बताते हुए टाल-मटोल करने लगा और पैसे देना बंद कर दिया. साथ ही गहने वापिस मांगे जाने पर भी इधर-उधर की बाते करते हुए घुमाने का प्रयास किया. जिसके बाद इस मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की बात कहने पर ‘जो होता है, कर लो’ की धमकी भी दी. जिसके बाद संतोष मिश्रा ने इस मामले की शिकायत खोलापुरी गेट पुलिस में दर्ज कराई. जिसके आधार पर खोलापुरी गेट पुलिस ने मुकेश ठोसर व एक महिला के खिलाफ बीएनएस की धारा 316 (2), 318 (4), 351 (2), 3 (5) के तहत अपराधिक मामला दर्ज करते हुए जांच करनी शुरु की.





