दसवीं की परीक्षा के दौरान शिक्षक पर हमला

नागपुर में हेडमास्टर पर आरोप

नागपुर/दि.20 – शहर के किदवई हाईस्कूल एंड जूनियर कॉलेज में शुक्रवार को दसवीं की लिखित परीक्षा के दौरान घटी घटना से शैक्षणिक जगत में हड़कंप मच गया. मराठी विषय के शिक्षक सगीर अहमद सिर में चोट लगने से घायल हो गए. उन्हें तत्काल इंदिरा गांधी शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय व रुग्णालय (मेयो) में भर्ती कराया गया. इस मामले में मुख्याध्यापक माजिद खान पठाण पर मारपीट का आरोप लगाया गया है, हालांकि उन्होंने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है.
जानकारी के अनुसार परीक्षा शुरू रहने के दौरान मुख्याध्यापक कक्ष में सगीर अहमद और माजिद खान पठाण के बीच उपस्थिति दर्ज करने को लेकर कहासुनी हुई. सगीर अहमद का आरोप है कि मुख्याध्यापक और एक अन्य शिक्षक ने मिलकर उन पर हमला किया. उनके परिजनों व कुछ सहकर्मियों ने भी स्कूल प्रशासन के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए विरोध जताया.
दूसरी ओर मुख्याध्यापक ने पूरी घटना को अलग तरीके से बताया. उनके मुताबिक सगीर अहमद की ड्यूटी दूसरे परीक्षा केंद्र पर लगाई गई थी, लेकिन वे वहां जाने के बजाय स्कूल पहुंचे और मस्टर पर हस्ताक्षर करने का प्रयास किया. नियम अनुसार रोके जाने पर उन्होंने ही विवाद खड़ा किया और धक्का-मुक्की में गिरकर घायल हो गए. उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षक की नियुक्ति से संबंधित मामला न्यायालय में विचाराधीन है और उसी कारण कुछ लोग स्कूल की बदनामी कर रहे हैं.
* जांच के बाद ही होगा खुलासा
घटना के बाद कुछ समय तक स्कूल परिसर में तनाव की स्थिति रही, हालांकि परीक्षा जारी रहने से प्रशासन ने माहौल शांत रखने पर जोर दिया. पुलिस में शिकायत दर्ज हुई है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है. जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण और जिम्मेदारी स्पष्ट होने की संभावना है. परीक्षा के दौरान स्कूल परिसर में हुई इस घटना से अभिभावकों और शिक्षा जगत में चिंता व्यक्त की जा रही है.

Back to top button