तेजस ठाकरे एक सप्ताह बाद अस्पताल से डिस्चार्ज, ‘मातोश्री’ लौटे

मुंबई./दि.19 – शिवसेना (ठाकरे गुट) प्रमुख उद्धव ठाकरे के छोटे बेटे तेजस ठाकरे को सप्ताहभर इलाज के बाद गिरगांव स्थित एच.एन. रिलायंस अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें घर जाने की अनुमति दी और वे ‘मातोश्री’ निवास पर लौट आए.
बता दें कि, कल बुधवार को तेजस ठाकरे को अस्वस्थता महसूस होने पर उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया था. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उन्हें संक्रमण (इन्फेक्शन) हुआ था, जिसके कारण हालत बिगड़ गई थी. अस्पताल में सभी जरूरी जांचें कर डॉक्टरों की निगरानी में इलाज किया गया. लगभग एक सप्ताह ऑब्जर्वेशन में रखने के बाद चिकित्सकों ने उन्हें डिस्चार्ज कर दिया.
* राजनीति से दूर, वन्यजीव अनुसंधान में सक्रिय
तेजस ठाकरे सक्रिय राजनीति में नहीं हैं, हालांकि वे पार्टी कार्यक्रमों में कभी-कभी दिखाई देते हैं. वे पेशे से वन्यजीव शोधकर्ता और फोटोग्राफर हैं और जैव विविधता के क्षेत्र में उनके काम की खास पहचान है. तमिलनाडु में खोजी गई गेको की एक नई प्रजाति का नाम उनके नाम पर रखा गया था. इसके अलावा अंबोली क्षेत्र में उनके शोध कार्य से ‘शिस्तुरा हिरण्यकेशी’ नामक मछली प्रजाति का वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण भी हुआ. बताया जाता है कि अब तक वे 60 से अधिक प्रजातियों के अध्ययन से जुड़े रहे हैं.





