7 दिनों में 5 डिग्री से उछला तापमान

40.8 डिग्री सेल्सीअस पर पहुंचा पारा

* गर्मी के मौसम ने दे दी दस्तक
* इस बार जमकर गर्मी पडने के आसार
अमरावती/दि.7 – अभी मार्च माह को शुरु हुए महज एक सप्ताह ही हुआ है और मार्च माह के पहले सप्ताह में ही तापमान 41 डिग्री सेल्सीअस के मुहाने पर जा पहुंचा है. साथ ही कल शुक्रवार 6 मार्च को इस वर्ष में अब तक का सर्वाधिक 40.8 डिग्री सेल्सीअस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया. जो पूरे राज्य में भी सर्वाधिक रहा. खास बात यह भी रही कि, अमरावती शहर सहित जिले में विगत 7 दिनों के दौरान ही तापमान में 5 डिग्री सेल्सीअस की भारी-भरकम वृद्धि हुई है. जिसके चलते अनुमान जताया जा रहा है कि, संभवत: इस वर्ष के ग्रीष्मकाल दौरान अमरावती शहर सहित जिले में जबरदस्त व भीषण गर्मी पडनेवाली है.
स्थानीय श्रीी शिवाजी कृषि महाविद्यालय के मौसम विज्ञानी प्रा. अनिल बंड के मुताबिक उष्ण व सूखे वातावरण तथा आसमान खुला रहने जैसी वजहों के चलते इस समय तापमान में वृद्धि हो रही है. प्रतिवर्ष मार्च माह के अंतिम सप्ताह के दौरान तापमान 42 डिग्री सेल्सीअस के आसपास दर्ज होता है. परंतु इस बार पुराने सभी रिकॉर्ड को तोडते हुए तापमान में मार्च माह के पहले सप्ताह के दौरान ही 41 डिग्री सेल्सीअस के मुहाने पर दस्तक दे दी है. अनपेक्षित रुप से तापमान में हुई इस वृद्धि के चलते दोपहर के समय पैदल राहगिरों व दुपहिया चालकों को गर्मी व धूप के रौद्ररुप का सामना करना पड रहा है. अप्रैल माह के दौरान जिस तरह से धूप व गर्मी के थपेडे महसूस होते है, लगभग उसी तरह का अनुभव इन दिनों दोपहर के वक्त दुपहिया चलाते समय महसूस हो रहा है.
खास बात यह है कि, विगत एक सप्ताह के दौरान तापमान में अकस्मात हुई वृद्धि इस समय मौसम विशेषज्ञों के लिए भी आश्चर्य वाली बात है. उल्लेखनीय है कि, विदर्भ क्षेत्र में प्रति वर्ष ही अप्रैल व मई माह के दौरान शरीर को झुलसा देनेवाली भीषण गर्मी पडती है. परंतु इस वर्ष मार्च माह के पहले दिन से ही गर्मी का मौसम शुरु होने का एहसास होने लगा. तापमान में हो रही इस वृद्धि के चलते ग्रीष्मकालिन फसल लेनेवाले किसान भी चिंता में फंस गए है. क्योंकि कई ग्रीष्मकालिन फसले मार्च माह के अंत अथवा अप्रैल माह के मध्य तक तापमान को सहन करते है और उस समय तक तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सीअस के आसपास रहता है. परंतु इस वर्ष मार्च माह के पहले ही सप्ताह के दौरान तापमान 41 डिग्री सेल्सीअस तक जा पहुंचा है. जिसके चलते मार्च माह के अंत तक अधिकतम तापमान का स्तर कहां तक रहेगा, इसे लेकर अच्छी-खासी चिंता देखी जा रही है.
* रोजाना 0.8 डिग्री सेल्सीअस की वृद्धि
विगत 27 फरवरी को अमरावती शहर में अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सीअस था. जिसके बाद तापमान में रोजाना औसतन 8.0 डिग्री सेल्सीअस की वृद्धि होती दिखाई दी. जिसके चलते 28 फरवरी को 36.8, 2 मार्च को 38.2, 5 मार्च को 39.8 डिग्री सेल्सीअस तापमान दर्ज हुआ. साथ ही विगत 24 घंटे के दौरान पारा सीधे एक डिग्री सेल्सीअस से उपर उछला और अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सीअस के स्तर पर जा पहुंचा. मौसम विज्ञानी प्रा. अनिल बंड के मुताबिक अगले कम से कम 4 दिनों तक तापमान का यही स्तर बना रहेगा. जिसमें कोई खास वृद्धि नहीं होगी. साथ ही 4 दिन बाद तापमान का स्तर धीरे-धीरे उंचा उठेगा. जिसमें कमी अथवा गिरावट आने की फिलहाल कोई संभावना भी नहीं है.

Back to top button