क्रिकेट में भारत की जीत के जश्न में हुआ तनाव
अकोला में दो समुदायों के बीच झड़प

* जमकर हुए पथराव में कई लोग घायल
* पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
अकोला /दि.9- अकोला के पुराने शहर क्षेत्र स्थित हरिहरपेठ इलाके में रविवार रात दो समुदायों के बीच विवाद के बाद जमकर पथराव हो गया. इस घटना में कई लोग घायल हो गए, जबकि दो चारपहिया वाहनों में तोड़फोड़ की गई. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस ने भारी बंदोबस्त तैनात कर दिया है. यह घटना हरिहरपेठ के सोनटक्के प्लॉट और गाडगेनगर क्षेत्र में हुई. बताया जा रहा है कि भारत की टी-20 क्रिकेट विश्वकप जीत के बाद पटाखे फोड़ने को लेकर दो समूहों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बीती रात सोनटक्के प्लॉट व गाडगे नगर क्षेत्र में रहनेवाले लोगों द्वारा टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम की जीत के बाद जीत का जश्न मनाने हेतु अपने-अपने घरों से निकलकर सडक पर उतर आए थे और कई लोगों द्वारा जमकर आतिशबाजी भी की गई. इसी दौरान दो समुदायों के लोग एक-दूसरे के आमने-सामने आ गए और दोनों ओर से एक-दूसरे पर बड़ी संख्या में पत्थरबाजी की गई. इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई. पथराव में दो से तीन नागरिकों के साथ कुछ पुलिसकर्मी भी हल्के रूप से घायल हुए हैं. घटना में घायल युवक सारंग गीते को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पथराव के दौरान दो चारपहिया वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई. घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं, जिनकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है.
इस सनसनीखेज घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में किया. फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बंदोबस्त लगाया गया है. इस संबंध में अकोला के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बी. चंद्रकांत रेड्डी ने बताया कि मामले की जांच जारी है. देर रात तक किसी को हिरासत में नहीं लिया गया था, हालांकि पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. साथ ही संदिग्धों को पकड़ने के लिए पुलिस द्वारा कम्बिंग ऑपरेशन चलाया जाएगा. इस घटना के चलतेे पूरे शहर में जबरदस्त हडकंप व्याप्त है.





