‘उस’ मृतक की आखिरकार हुई शिनाख्त

मृतक व्यक्ति मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में आनेवाले भिलावाडी ग्राम का रहनेवाला

बेटे ने की पहचान, आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
* अब आरोपियों तक पहुंचने की पुलिस के सामने चुनौती
अमरावती/ दि.3 – गत 6 दिन पूर्व रविवार 29 मार्च को वरूड थाना क्षेत्र के एकदरा से बेसखेडा मार्ग पर बरामद हुए अज्ञात व्यक्ति के झुलसे शव की पुलिस ने शिनाख्त कर ली है. मृतक व्यक्ति की पहचान मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में आनेवाले भिलावाडी ग्राम निवासी ओजीलाल उईके के रूप में की गई है.
बता दें कि बेसखेडा के एक खेत के नाले के पास 30 वर्षीय व्यक्ति का शव रविवार 29 मार्च को सुबह नागरिको दिखाई दिया. सबूत नष्ट करने के मकसद से शव जलाया गया था. कपडे पूरी तरह जल जाने से शव की शिनाख्त करना पुलिस के सामने चुनौती बन गया था. पुलिस ने शव का स्केच बनाकर उसे जिले के 31 पुलिस स्टेशन समेत नागपुर जिले के नरखेड,जलालखेडा और काटोल पुलिस को भेजा था. जबकि वरूड से सटकर स्थित मध्यप्रदेश के पांढुर्णा, बैतूल, मुलताई पुलिस से भी संपर्क किया था. बेसखेडा शिवार में इस युवक पर जानलेवा हमला कर उसे नाली में फेंक दिया गया और उपर से ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे जलाया गया रहने की संभावना ग्रामीण अपराध शाखा के निरीक्षक किरण वानखडे ने व्यक्त की थी. गुरूवार 2 अप्रैल को पुलिस को मृतक की शिनाख्त करने में तब सफलता मिली जब मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में पुलिस पहुंची. वहां मृतक के बेटे ने वह शव अपने पिता का रहने की जानकारी पुलिस को दी. पश्चात मृतक के बेटे उसकी पत्नी और परिवार के सदस्यों को आज शुक्रवार 3 अप्रैल को वरूड पुलिस स्टेशन बुलाया गया था. जहां मृतक के बेटे ने शव की शिनाख्त करते हुए वह शव अपने पिता ओजीलाल उईके का रहने की जानकारी दी. वह भिलावाडी के रहनेवाले है. ओजीलाल के बेटे रवि उईके ने बताया कि उसके पिता हमेशा मजदूरी के लिए वरूड आते थे और जहां काम मिले वहां मजदूरी कर अपने परिवार का पेट भरते थे. लेकिन वे वरूड अथवा परिसर में मजदूरी किसके यहां करते थेे, इस बाबत अब तक पुलिस को कुछ पता नहीं चला है. मृतक व्यक्ति जिनके यहां भी काम करता था, इस बाबत जानकारी देने का आवाहन पुलिस की तरफ से किया गया है. भले ही मृतक की शिनाख्त हो गई, लेकिन उसकी हत्या किसने की ? इस बाबत जांच करने की चुनौती पुलिस के सामने हैं. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है. आज मृतक का पोस्टमार्टम करने के बाद उसका शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस ने नागरिकों से आवाहन किया है कि मृतक व्यक्ति किसी के यहां काम करता होगा तो वह सामने आकर जानकारी दें. अथवा उसे किसी ने वरूड तहसील में कहीं देखा होगा अथवा पहचानता होगा तो वे वरूड के थानेदार अर्जुन ठोसरे से 8975769718, सहायक निरीक्षक राहुल जाधव से 9922229162, सहायक उप निरीक्षक श्रीकांत विखे से 9923436996 पर संपर्क करें.
पुलिस के सामने समस्या
इस अपराध में पुलिस के सामने तकनीकी समस्या है. घटनास्थल से करीबन 8 किमी परिसर में कोई भी सीसीटीवी कैमरा उपलब्ध नहीं है. इस कारण मोबाइल लोकेशन और तकनीकी सबूत पर पुलिस निर्भर है. अब पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कर ली है. पुलिस मृतक के परिजनों से भी पूछताछ करनेवाली है. उस आधार पर आरपियों तक पहुंचने का प्रयास वरूड व ग्रामीण एलसीबी पुलिस करनेवाली है. जल्द ही इस प्रकरण का पर्दाफोश होने का विश्वास पुलिस प्रशासन ने व्यक्त किया है.
शव परिजनों को सौंपा
घटना के चार दिन बाद गुरूवार को मृतक की शिनाख्त पुलिस ने कर ली है. मृतक व्यक्ति का आज पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिवार के सदस्य को सौंप दिया गया है. वह बैतूल जिले के भिलावाडी का रहनेवाला है. अब पुलिस आरोपियों की तलाश में लग गई है. जल्द ही आरोपी पकड लिए जायेंगे.
अर्जुन ठोसरे, थानेदार, वरूड

Back to top button