‘वो आदमी’ मनपा की महिला आयुक्त का अपमान कर रहा था, तो मैंने ‘झाप’ दिया

गत रोज ‘जनसंवाद’ में हुए हंगामे पर बोले पार्षद चंद्रकांत खेडकर

* मामले से जुडी पृष्ठभूमि भी बताई, कहा – ‘उससे’ पूरा एरिया परेशान
अमरावती /दि.25 गत रोज मनपा मुख्यालय में आयोजित ‘जनसंवाद’ कार्यक्रम में अपनी शिकायत लेकर पहुंचे गणेश मानकर नामक व्यक्ति के साथ प्रभाग क्र. 1 शेगांव-रहाटगांव के पार्षद चंद्रकांत उर्फ चंदू खेडकर की जमकर हुज्जतबाजी हुई थी. जिसकी वीडियो क्लीप भी न्यूज चैनलो सहित सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई थी. जिसमें मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा-चांडक के सामने ही पार्षद चंदू खेडकर द्वारा गणेश मानकर नामक व्यक्ति को जमकर गालियां दिए जाने की बात दिखाई व सुनाई दे रही थी. पश्चात इस पूरे मामले को लेकर गणेश मानकर द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने पार्षद चंदू खेडकर के खिलाफ असंज्ञेय अपराधिक मामला भी दर्ज किया. साथ ही साथ उक्त घटना को लेकर मनपा मुख्यालय सहित पूरे शहर में अच्छा-खासा हंगामा भी देखा गया. वहीं अब इस पूरी घटना को लेकर पार्षद चंद्रकांत खेडकर ने स्थिति स्पष्ट करते हुए मामले की पृष्ठभूमि भी बताई है और दावा किया है कि, गणेश मानकर नामक उक्त व्यक्ति आए दिन कोई न कोई समस्या खडी करता रहता है और वह व्यक्ति शेगांव-रहाटगांव परिसरवासियों के लिए सिरदर्द भी बना हुआ है. साथ ही साथ गत रोज आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान उस व्यक्ति ने सीधे मंच के पास पहुंचकर मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा-चांडक के साथ अपमानास्पद व्यवहार करने का प्रयास किया था और टोके जाने के बाद झगडे पर भी उतारु हो गया था. यही वजह थी कि, उन्होंने आयुक्त के सामने ही उस आदमी को कडी लताड लगा दी थी.
गत रोज घटित मामले को लेकर दैनिक ‘अमरावती मंडल’ के साथ विस्तारपूर्वक बातचीत करते हुए पार्षद चंद्रकांत खेडकर ने बताया कि, शेगांव-रहाटगांव प्रभाग अंतर्गत दो लेआऊट एक-दूसरे से बेहद सटे हुए है. जिसमें से एक लेआऊट सन 1992 से पहले का है और दूसरा लेआऊट सन 1992 के बाद बना था. इन दोनों लेआऊट के बीच केवल एक ही सर्विस लाइन है. जिसका परिसरवासियों द्वारा उपयोग किया जाता है. साथ ही सर्विस गली के दोनों ओर ईंट की एक कच्ची दीवार बना दी गई थी. ताकि सर्विस गली की साफ-सफाई रहने के साथ-साथ सर्विस गली के दोनों ओर स्थित घरों की सुरक्षा भी बनी रहे. परंतु यहीं से परिसर में रहनेवाले एक अति हुशार व्यक्ति को पेटदर्द शुरु हो गया. जिसने कई वर्ष पहले मनपा के साथ पत्र व्यवहार करना शुरु करते हुए आरोप लगाना शुरु किया कि, परिसरवासियों ने सर्विस गली की जगह पर अतिक्रमण कर रखा है. साथ ही साथ उस व्यक्ति ने सहायक संचालक, नगर रचना विभाग के कुछ अधिकारियों व कर्मचारियों को अपने साथ लेते हुए नियमबाह्य तरीके से लेआऊट की नापजोख की करवाई और परिसरवासियों के नाम अतिक्रमण को तोडने व हटाने के लिए नोटिस भी जारी करवाई. नोटिस मिलने के बाद जब परिसरवासियों ने जोन कार्यालय में जाकर पूछताछ की तो पूरा मामला समझ में आया. जिसके बाद मनपा की नोटिस के खिलाफ अदालत में याचिका दायर की गई.
पार्षद चंदू खेडकर के मुताबिक इसी बीच आईएएस अधिकारी रहनेवाले सौम्या शर्मा-चांडक ने अमरावती मनपा की नई आयुक्त के तौर पर पदभार संभाला. जिन्होंने अपनी पहली ही पत्रवार्ता में शहर को हराभरा व सुंदर बनाने का संकल्प व्यक्त किया. उस पत्रवार्ता में शिकायतकर्ता व्यक्ति भी खुद को पत्रकार बताते हुए शामिल हुआ था. जिसने लांडे लेआऊट परिसर स्थित सर्विस गली और वहां पर हुए कथित अतिक्रमण के मुद्दे को आयुक्त के सामने उठाया. जिसके बाद आयुक्त शर्मा ने इस मामले से संबंधित पत्र व्यवहार के दस्तावेज देखे और कुछ मातहत अधिकारियों से जानकारी भी हासिल की. इस समय मनपा के कुछ कनिष्ठ अधिकारियों ने एक तरह से आयुक्त की दिशाभूल करने का काम किया. जिसके चलते आयुक्त सौम्या शर्मा ने सर्विस गली के मुहाने पर सफाई व सुरक्षा की दृष्टि से बनाई गई दीवार को अतिक्रमण मानकर तोड देने का आदेश जारी किया. जिस पर मनपा के तोडू दस्ते ने तुरंत अमल भी कर डाला. ऐसे में उस जगह के खुली होते ही संबंधित व्यक्ति ने वहां पर मृत जानवरों के शव तथा कचरा व गंदगी लाकर फेकते हुए परिसरवासियों को सताने का काम शुरु किया. जिसके चलते परिसरवासियों ने उस सर्विस गली को बांस के टाट लगाकर अस्थाई रुप से बंद किया, तो उस व्यक्ति ने इसे भी अतिक्रमण बताते हुए मनपा कार्यालय में जाकर शिकायत दर्ज करना और सोशल मीडिया पर पोस्ट करना शुरु किया. साथ ही साथ 3 से 4 बार लोकशाही दिवस में भी बेसिर-पैर की शिकायत दर्ज कराई. पार्षद चंदू खेडकर के मुताबिक वह व्यक्ति खुद उस जगह पर अपना कब्जा करना चाहता था. इसके चलते पूरे परिसरवासियों को उसने त्रस्त कर रखा था. अपनी इसी मानसिकता के तहत उस व्यक्ति ने गत रोज ‘जनसंवाद’ कार्यक्रम में भी विषय लगा रखा था.
पार्षद चंदू खेडकर के मुताबिक गत रोज दोपहर वे किसी अन्य काम के चलते मनपा मुख्यालय पहुंचे थे. तब उन्हें वह व्यक्ति ‘जनसंवाद’ कार्यक्रम की कतार में खडा दिखाई दिया. जिसे देखते ही वे पूरा माजरा समझ गए और मंच के पास पहुंचे. जहां पर उक्त व्यक्ति बेसिर-पैर की बाते करते हुए आयुक्त सौम्या शर्मा सहित मनपा के कुछ जिम्मेदार अधिकारियों को लेकर अनर्गल आरोप लगा रहा था. साथ ही जब वे आयुक्त सौम्या शर्मा को इस पूरे मामले की असल जानकारी देने का प्रयास कर रहे थे, तो वह व्यक्ति बीच-बीच में टोक रहा था और सबसे पहले उस व्यक्ति ने ही उन्हें अपशब्द कहे. जिसके चलते उनकी इस व्यक्ति के साथ शाब्दीक तनातनी हो गई. जिसका वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर वायरल है.
* खेद जताने या दिलगिरी व्यक्त करने वाली कोई बात ही नहीं
गत रोज मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा व महापौर श्रीचंद तेजवानी के सामने ही एक शिकायतकर्ता व्यक्ति के लिए अपशब्दों का प्रयोग किए जाने को लेकर ध्यान दिलाए जाने पर पार्षद चंदू खेडकर द्वारा कहा गया कि, कुछ शब्द वर्‍हाडी बोली में आम बोलचाल का हिस्सा होते है. जिनका अक्सर गुस्से के समय प्रयोग हो जाता है. गत रोज भी ऐसा ही कुछ हुआ. जिसका उन्हें कोई मलाल नहीं है. साथ ही पार्षद खेडकर ने यह भी कहा कि, जब उन्होंने अपनी आंखों के सामने एक महिला अधिकारी का अपमान होता देखा, तो स्वाभाविक तौर पर गुस्से में आकर अपमान करनेवाले व्यक्ति को लताड लगाई. इसमें खेद जताने, माफी मांगने या दिलगिरी व्यक्त करने वाली कोई बात नहीं है.
* मुझे पार्षद खेडकर से जान का खतरा
वहीं दूसरी ओर पार्षद चंद्रकांत खेडकर के गुस्से व गाली-गलौज का शिकार हुए गणेश मानकर नामक शिकायतकर्ता व्यक्ति ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि, शेगांव-रहाटगांव प्रभाग के लांडे लेआऊट परिसर में विगत कई वर्षों से अतिक्रमण किया जा रहा है. जिसकी शिकायत वे अब तक कई बार मनपा प्रशासन से कर चुके है. साथ ही अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने के चलते उन्होंने आमरण अनशन की धमकी भी दी थी और वे गत रोज इसी मुद्दे को लेकर ‘जनसंवाद’ कार्यक्रम में पहुंचे थे. परंतु उन्हें देखते ही कार्यक्रम में उपस्थित पार्षद चंदू खेडकर ने उनके साथ हुज्जतबाजी करते हुए उनसे अश्लील गाली-गलौज की. साथ ही उन्हें जान से मार देने की धमकी भी दी. जिसकी शिकायत उन्होंने सिटी कोतवाली पुलिस थाने में दर्ज कराई है. इसके साथ ही गणेश मानकर का यह भी कहना रहा कि, यदि उनके साथ कोई भी अघटित घटना घटित होती है, तो इसके लिए पार्षद चंद्रकांत खेडकर ही पूरी तरह से जिम्मेदार रहेंगे.

Back to top button